यह ख़बर 05 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

केजरीवाल ने कांग्रेस से मांगा दिल्ली रैली पर हुए खर्च का हिसाब

खास बातें

  • दिल्ली में रविवार को हुई कांग्रेस की रैली पर अरविंद केजरीवाल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कांग्रेस से पूछा है कि इस रैली के आयोजन में कितने रुपये खर्च हुए।
नई दिल्ली:

कांग्रेस की रविवार को दिल्ली में हुई रैली पर इंडिया अगेन्स्ट करप्शन ने सवाल उठाए हैं। अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस से सवाल पूछा है कि दिल्ली की रैली में कितना पैसा खर्च हुआ।

केजरीवाल ने पूछा है कि रैली के लिए स्पेशल ट्रेनें और बसें चलाई गईं, कांग्रेस को उनका हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कहती है कि वे आरटीआई लेकर आए तो उन्हें उसी के तहत जनता के सामने अपने हिसाब का ब्यौरा रखना चाहिए।

गौरतलब है कि केजरीवाल अब कांग्रेस पर वार के लिए कोई भी मौका खाली नहीं जाने दे रहे, लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि खर्च का हिसाब उन्होंने सिर्फ कांग्रेस से ही क्यों मांगा जबकि हाल ही में नीतीश कुमार ने भी पटना में एक बड़ी रैली का आयोजन किया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पार्टी के महासचिव दिग्विजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए उनसे पूछा था कि उनके तमाम आयोजनों (रामलीला मैदान और जंतर-मंतर पर) कितना खर्च आया और खर्चे के लिए पैसे कहां से आए थे। इतना ही नहीं केजरीवाल की एनजीओ को मिलने वाले फंड पर भी दिग्विजय सिंह कई बार हमला कर चुके हैं। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने भी कुछ इसी प्रकार का हमला केजरीवाल पर किया था।