यह ख़बर 20 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

आरजेडी सांसद के घर के बाहर हमला, तीन मरे

खास बातें

  • बिहार में महाराजगंज से आरजेडी सांसद उमाशंकर सिंह के छपरा स्थित घर के बाहर हमले में सांसद के तीन समर्थकों की मौत हो गई है।
छपरा:

बिहार के सारण जिले में आरजेडी सांसद उमाशंकर सिंह के आवास पर करीब एक दर्जन अज्ञात अपराधियों ने दिन दहाड़े गोलीबारी कर तीन लोगों की हत्या कर दी। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस महानिदेशक नीलमणि को जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोलीबारी में शामिल दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा और उनका स्पीडी ट्रायल होगा। वहीं, सांसद सिंह ने उनके घर पर की गई गोलीबारी को राजनीतिक विरोधियों द्वारा अंजाम दी गई साजिश करार दिया। सिंह ने स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों को पुख्ता सुरक्षा देने की मांग की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि करीब एक दर्जन नकाबपोश अपराधियों ने बिहार के महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र से सदस्य सिंह के छपरा शहर में नगर थाना क्षेत्र स्थित घर में घुसकर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी, जिसमें सोए हुए उनके तीन समर्थक मारे गए। मृतकों की पहचान पूर्व मुखिया देवेंद्र सिंह, मणिभूषण और दिनेश राय के रूप में हुई। घटना के समय सांसद अपने घर पर नहीं थे। आरजे़डी सांसद ने बताया कि वह घटना से करीब 40 मिनट पहले अपने छपरा स्थित घर से निकले थे। वह अपने संसदीय क्षेत्र में एक कार्यक्रम में शिरकत करने गए थे। सिंह ने कहा कि वह पहले ही केंद्रीय गृहमंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर स्वयं को और अपने परिवार को सुरक्षा देने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री से एक बार फिर मांग करेंगे कि उनकी सुरक्षा बढ़ाई जाए। घटना के संबंध में पुलिस मुख्यालय के अपर महानिदेशक राजवर्धन शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना को अंजाम देने में कौन से गिरोह शामिल थे? यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com