अफ्रीकियों पर हमले को लेकर वीके सिंह ने कहा : मीडिया ने मामूली झड़प को बढ़ा चढ़ाकर दिखाया

अफ्रीकियों पर हमले को लेकर वीके सिंह ने कहा : मीडिया ने मामूली झड़प को बढ़ा चढ़ाकर दिखाया

विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने रविवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में अफ्रीकी नागरिकों पर हुए हमले एक ‘मामूली झड़प’ थे जिसे मीडिया ने ‘बढ़ा चढ़ाकर पेश किया।’ केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री ने मीडिया के ‘उद्देश्य’ पर सवाल करते हुए कहा, ‘दिल्ली पुलिस से विस्तृत चर्चा की और पाया कि मीडिया राजपुर खुर्द में हुई मामूली झड़प को अफ्रीकी नागरिकों पर हमले के रूप में बढ़ा चढ़ाकर पेश कर रहा है।’

मीडिया से किया जाए सवाल
सिंह ने ट्विटर पर लिखा, ‘मीडिया ऐसा क्यों कर रहा है? जिम्मेदार नागरिकों के तौर पर हमें उनसे सवाल करने चाहिए, उनके उद्देश्यों को लेकर सवाल करने चाहिए।’ पिछले कुछ दिनों में देश भर में अफ्रीकी नागरिकों पर कई हमले हुए हैं जिनमें राष्ट्रीय राजधानी में कांगो के एक युवक की हत्या और हैदराबाद में 23 साल के एक नाइजीरियाई छात्र पर हमले की घटनाएं शामिल हैं।

दक्षिण दिल्ली के राजपुर खुर्द इलाके में युगांडा एवं दक्षिण अफ्रीका की दो महिलाओं और कम से कम दो नाइजीरियाई पुरुषों ने मारपीट और आपराधिक धमकी मिलने की शिकायत की है।

सुषमा स्वराज ने राजनाथ से बात की
इसी बीच आज विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अफ्रीकी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात की। सिंह ने दिल्ली पुलिस को हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और समुदाय के लोगों से भरे इलाकों में गश्त तेज करने का निर्देश दिया। सुषमा ने कहा कि इस तरह के इलाकों में संवेदनशील बनाने का अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने वीके सिंह और विदेश मंत्रालय के सचिव अमर सिन्हा से उन अफ्रीकी छात्रों से मिलने को कहा जिन्होंने मंगलवार से जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की घोषणा की है।

चार गिरफ्तार, चार हिरासत में
इसी बीच दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में अफ्रीकी नागरिकों पर कथित हमले के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने आज चार लोगों को गिरफ्तार किया और चार अन्य को हिरासत में ले लिया।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com