4 करोड़ 31 लाख में नीलाम हुआ पीएम नरेंद्र मोदी का 'बहुचर्चित सूट'

सूरत : आखिर शुक्रवार शाम को तय हो गया कि मोदी का विवादित सूट कितने में बिका। सूरत के हीरा व्यापारी लालजी पटेल ने दूसरे सभी लोगों से बड़ी बोली लगाकर मोदी का सूट अपना कर लिया।

बुधवार सुबह 11 लाख से शुरू हुई बोली 4.31 करोड़ तक पहुंची। गुरुवार को ये बोली 1.48 करोड़ तक जाकर रुकी थी। ये लग रहा था कि बोली शायद 2.51 करोड़ के आसपास पहुंचेगी। सुबह से ही पहली बोली लगाई थी लालजीभाई के बेटे हितेश पटेल ने 1.61 करोड़ की। और फिर तो 1.71, 1.75 करोड़ की बहुत जल्दी-जल्दी बोली लगती रही। ये लगा कि बहुत तेज़ी से बोली बढ़ रही है। सूरत के व्यापारी अच्छी बोली लगा रहे थे।

फिर तो बोली में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दा जुड़ गया। मुंबई और हरियाणा से व्यापारी आकर बोली लगाने लगे और फिर तो यूएस स्थित एक कंपनी अवनि कारपोरेशन ने भी बोली लगाई। लेकिन बाज़ी आखिर सूरत के व्यापारी के हाथ ही लगी।  5 बजकर 2 मिनट पर मुंबई के एक व्यापारी भी 5 करोड़ की बोली लगाने पहुंचे लेकिन वक़्त ख़त्म हो गया था इसलिए बोली नहीं लगा पाए।
 
लालजीभाई ने बोली जीतने के बाद कहा कि इसके पैसे गंगा की सफाई में लगानेवाले हैं इसलिए एक अच्छे कॉज के लिए उन्होंने इतनी भरी बोली लगाई है।

बीजेपी ने भी राहत की सांस ली कि जिस सूट को लेकर इतना विवाद उठा था वो एक अच्छे कॉज के लिए बहुत बड़ी कीमत लेकर आया। अब इसे राजनैतिक तौर पर भी भुनाया जा सकेगा।

ये भी सच्चाई रही कि विवाद के चलते ही इस बार नीलामी में ज़्यादा बोली लगी। वरना मोदी से जुड़ी 455 चीज़ें नीलामी में थी, लेकिन 454 वस्तुओं को एक तरफ रखा जाय तब भी सिर्फ सूट जितनी कीमत नहीं मिल सकती।  

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

नीलामी देखने आनेवाले लोग भी सबसे ज़्यादा सूट के बैकग्राउंड में सेल्फ़ी लेने को उत्साहित दिखे।