यह ख़बर 31 अक्टूबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

राज्य सभा चुनावों के लिए सपा ने छह उम्मीदवार घोषित किए, आजम खान की पत्नी ने ठुकराया टिकट

नई दिल्ली:

समाजवादी पार्टी द्वारा आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए आज घोषित किए गए छह उम्मीदवारों में पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव के चचेरे भाई राम गोपाल यादव और राज्य के मंत्री आजम खान की पत्नी के नाम शामिल हैं।

राम गोपाल यादव और आजम खान की पत्नी ताजिन फातिमा के अलावा सपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सीटों के लिए रवि प्रकाश वर्मा, जावेद अली, चंद्रपाल सिंह यादव और नीरज शेखर के नामों की भी घोषणा की।

हालांकि इस बीच खबर है कि ताजिन ने सपा का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। मंत्री के प्रवक्ता के अनुसार, 'तंजीम फातिमा ने उन्हें राज्यसभा भेजने के सपा अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया है।' उन्होंने सपा प्रमुख को भेजे पत्र में कहा, 'आप उच्च सदन के लिए और अधिक सक्षम व्यक्ति को चुन सकते हैं।'

तंजीम ने कहा, 'आपके प्रस्ताव के लिए शुक्रिया, लेकिन जहां तक मेरे राज्यसभा जाने की बात है तो मैं और मेरा पूरा परिवार आपके परिवार के सदस्य माने जाने को ज्यादा महत्व देते हैं।' इसके साथ ही पत्र में उन्होंने कहा, 'हम शाना बा शाना (कंधे से कंधा मिलाकर) आपके साथ हमेशा से रहे हैं और हमेशा रहेंगे।'  

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की दस सीटों के लिए 20 नवंबर को द्विवार्षिक चुनाव होने वाले हैं और विधानसभा में अपने सदस्यों की संख्या के आधार पर सपा की इन दस में से छह सीटों पर जीत निश्चित है। ऐसी अटकलें थी कि पार्टी अपने पूर्व सदस्य अमर सिंह को दोबारा राज्यसभा भेज सकती है जो राज्यसभा से रिटायर हो रहे हैं।