बरेली में तीन युवकों ने महिला हॉकी खिलाड़ी को सरेआम की दबोचने की कोशिश

हॉकी खिलाड़ी

बरेली:

उत्तर प्रदेश में महिलाओं के साथ छेड़खानी करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला बरेली में आया है। जहां स्टेडियम से निकली राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी को तीन शोहदों ने सरेआम दबोच लिया। उसे बाग में खींचने की कोशिश की, अश्लील हरकतें की गईं। गनीमत थी कि खिलाड़ी खुद को बचाने के लिए जोर से चीखती रही और आसपास मौजूद लोग उसकी मदद को दौड़ पड़े।

यह देखकर आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में इज्जतनगर क्षेत्र के एक गांव की राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी सुबह साढ़े आठ बजे के करीब प्रैक्टिस के लिए आई थी। जैसे ही वह साइकिल से घर के लिए चली कि रास्ते में केंद्रीय विद्यालय के पास पहले से मौजूद तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।

जब महिला खिलाड़ी ने रास्ता छोड़ने को कहा तो तीनों उस पर अभद्र टिप्पणी करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने उसके अपहरण का प्रयास किया। हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। वे उसे बाग की ओर घसीटकर ले जाने लगे। जब खिलाड़ी ने खुद को उनसे छुड़ाने का प्रयास किया तो तीनों ने अश्लील हरकतें शुरू कर दी।

शोर मचाने पर लोग दौड़ पड़े। अपनी ओर लोगों को आता देख तीनों युवक मौके से भाग गए। इसके बाद नेशनल महिला हॉकी खिलाड़ी बारादरी थाने पहुंची और युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने तत्काल कोई मदद नहीं की।

इसके बाद वह मां के साथ आकर एसएसपी से मिली। एसएसपी के निर्देश पर बारादरी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com