अरविंद केजरीवाल को कोसते पंजाब के AAP सांसदों का ऑडियो टेप हुआ लीक!

अरविंद केजरीवाल को कोसते पंजाब के AAP सांसदों का ऑडियो टेप हुआ लीक!

आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान (फाइल फोटो)

चंडीगढ़:

आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई में गुटबाजी ख़त्म करने के लिए 2 सांसदों को सस्पेंड किये एक हफ्ता नहीं गुज़रा कि नया विवाद छिड़ गया। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप की चर्चा है जिसमें पार्टी के पटियाला और संगरूर के सांसद केंद्रीय नेतृत्व की चुगली करते सुने जा सकते हैं। हालांकि पार्टी ने ऑडियो क्लिप को ख़ारिज कर दिया है।

संगरूर से आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान और पटियाला से सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी के बीच फ़ोन पर हुई कथित बातचीत का ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। भगवंत मान पार्टी हाई कमान को कोसते हुए सुनाई पड़ रहे हैं।

टेप में भगवंत मान कह रहे हैं... लोकसभा चुनाव में हम अपनी छवि के चलते जीते न कि पार्टी कि वजह से केंद्रीय नेतृत्व को लगता है कि दिल्ली की तरह पंजाब में भी लोग झाड़ू के नाम पर वोट देंगे। लेकिन पंजाब में ऐसा नहीं होता। यहां पर उम्मीदवार की छवि देखकर लोग वोट डालते हैं। हम पर नेता थोपे जा रहे हैं बिना हमसे सलाह लिए।

ये बातचीत दिल्ली में पार्टी के जीत के बाद की है। दोनों नेता इसके लिए भी अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते हाल ही में सस्पेंड किये गए डॉ. गांधी ऑडियो क्लिप की तसदीक कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा, 'मैंने भी ऑडियो क्लिप के बारे में सुना है। 6 महीने पहले की बातचीत है। भगवंत भी मेरी तरह नाराज़ थे पंजाब को लेकर, लेकिन मैंने रिकॉर्डिंग टेप नहीं की।'

संसद से लेकर सड़क तक अपने चुटकुलों और बयानों से समां बांधने वाले भगवंत मान ने ऑडियो क्लिप को अपने खिलाफ साजिश करार दिया। उन्‍होंने कहा, 'ये मेरे खिलाफ साजिश है। मैंने कहीं भी केजरीवाल के खिलाफ कुछ नहीं बोला, मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं पार्टी इस सब के पीछे मोदी सरकार का हाथ बता रही है। पंजाब के प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि इस तरह के ऑडियो क्लिप कोई नई बात नहीं है। लोगों को इनमें कोई दिलचस्पी नहीं है, हमारे दोनों नेता कह चुके हैं कि ये उन्होंने जारी नहीं की है।