यह ख़बर 03 जून, 2011 को प्रकाशित हुई थी

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल का निधन

खास बातें

  • हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल का शुक्रवार की शाम हिसार के एक स्थानीय अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया।
हिसार:

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और अग्रणी जाट नेता भजन लाल का शुक्रवार की शाम हिसार के एक स्थानीय अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया। मुख्यमंत्री के पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि 81 वर्षीय नेता को दोपहर में दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका परिवार उन्हें गुड़गांव के मेडिसिटी में स्थानांतरित करने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इतने में ही उन्हें शाम पांच बजे एक बार फिर दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया। हिसार से लोकसभा सदस्य भजन लाल के परिवार में उनकी पत्नी जासमा देवी, दो पुत्र चंदर मोहन (पूर्व उप मुख्यमंत्री), कुलदीप विश्नोई (विधायक) और एक पुत्री हैं। सूत्रों के मुताबिक, तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके भजन लाल का अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। उन्होंने पिछला चुनाव कुलदीप विश्नोई द्वारा बनाई गई पार्टी हरियाणा जनहित कांग्रेस - बीएल के प्रत्याशी के तौर पर लड़ा था। राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भजनलाल की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, 'हमारे बीच एक अच्छा नेता नहीं रहा। हम सभी को उनकी कमी खलेगी।'


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com