दादरी के बिसहाड़ा गांव में अखलाक की हत्या के मामले में चार आरोपियों ने कबूला जुर्म

दादरी के बिसहाड़ा गांव में अखलाक की हत्या के मामले में चार आरोपियों ने कबूला जुर्म

अखलाक के परिजन (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

दादरी के बिसहाड़ा गांव में अखलाक की हत्या के मामले में 8 आरोपियों में से चार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनकी तस्वीर एनडीटीवी इंडिया के पास है। उनकी तस्वीरें हम आपको इसलिए नहीं दिखा रहे हैं क्योंकि खतरा आरोपियों को भी है। 20 से 25 साल के सभी नौजवान बिसाहड़ा गांव के ही रहने वाले हैं। कुछ बीच में ही पढ़ाई छोड़ चुके हैं, तो कुछ पढ़े-लिखे हैं। मुख्य आरोपी विशाल राणा है और उसके सहयोगी हैं  शिवम, रूपेंद, विवेक, श्रीओम, संदीप, सौरभ और गौरव। दो आरोपियों सचिन और हरिओम की तलाश जारी है।

अखलाक की पत्नी ने आरोपियों को पहचाना
अखलाक की पत्नी ने जो एफआईआर दर्ज कराई है उसके मुताबिक 10-15 लोगों की भीड़ में यह लड़के शामिल थे। वे हाथों में लाठी, डंडे, भाला और तमंचा लिए थे। आरोपी पहले घर में घुसे और फिर अखलाक को बेरहमी से मार दिया। यही नहीं घर की महिलाओं और दूसरे सदस्यों को भी उन्होंने बेरहमी से पीटा। अखलाक की पत्नी ने इनवर्टर की रोशनी से उन्हें पहचाना।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मोबाइल लोकेशन से पुष्टि
पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच में पता लगाया कि सभी आरोपियों की मोबाइल लोकेशन घटना के वक्त बिसाहड़ा गांव में थी। चार आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात कबूली है। हत्या की वजह प्रतिबंधित पशु काटना बताया है। पुलिस ने सौरभ और गौरव के पास से लाठी, विवेक के पास से खून से सना सरिया और संदीप के पास से खून से सनी लाठी बरामद की है। 5 अज्ञात आरोपियों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। मांस की जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है।