यह ख़बर 03 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

भाजपा को खुद का वंशवाद नजर नहीं आता : कांग्रेस नेता सचिन पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट की फाइल तस्वीर

जयपुर:

राजस्थान कांग्रेस की नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी में वरिष्ठ नेताओं के परिजनों को शामिल करने पर 'वंशवाद' को बढ़ावा देने के आरोपों का सामना कर रहे प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि भाजपा को कांग्रेस का वंशवाद तो नजर आता है लेकिन खुद का वंशवाद नजर नहीं आता।

पायलट ने आरोप लगाया कि प्रदेश की वसुंधरा राजे सरकार सभी मुद्दों पर पूरी तरह से विफल रही है। जनता के पैसे पर संगठन के नाम पर एक साल का उत्सव मनाने पर धन का दुरुपयोग करने की तैयारी है। सरकार के एक साल में उपलब्धि के नाम पर शून्य है और जनता से वादाखिलाफी की गई है।

पायलट ने कहा कि भाजपा को खुद का वंशवाद नजर नहीं आता, विजय राजे सिंधिया, फिर वसुंधरा राजे फिर उनकी बहन, शिवसेना में ठाकरे बंधु। लेकिन उन्हें यह नजर नहीं आता, उन्हें केवल कांग्रेस का वंशवाद नजर आता है।

उन्होंने कहा कि नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी में काम और व्यक्ति को देखा गया है, यदि किसी सक्रिय कार्यकर्ता के परिवार के सदस्य राजनीति में सक्रिय है तो यह उनके लिए बाधक नहीं है। सभी नेताओं से सलाह करके अधिक से अधिक लोगों को मौका दिया है। यदि कोई काम नहीं करेंगे तो उन्हे हटायेंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में एक साल में अपराध तेजी से बढ़े हैं। जयपुर में आए दिन हत्या, लूट, दुष्कर्म हो रहे हैं जिसमें आम आदमी सुरक्षित नहीं है। किसानों को खाद, पानी नहीं मिलने से दुखी है। पायलट ने भाजपा की सदस्यता अभियान को ‘मजाक’ की संज्ञा देते हुए कि ‘मिस्ड काल’ से सदस्य बनना और सदस्यता का नवीनीकरण का देश में यह पहला उदाहरण है। कांग्रेस पार्टी फोटो परिचय पत्र के आधार पर ही सदस्य बनाती है।