पार्टी नेताओं के बयानों से हो रही किरकिरी पर बौखलाई बीजेपी, नेताओं को दी चेतावनी

पार्टी नेताओं के बयानों से हो रही किरकिरी पर बौखलाई बीजेपी, नेताओं को दी चेतावनी

नई दिल्ली:

पार्टी नेताओं द्वारा विवादित बयान दिए जाने के बीच भाजपा ने मंगलवार को अपने नेताओं से कहा कि वे ऐसे बयान देने में संयम बरतें जिनसे सांप्रदायिक भावनाओं के भड़कने की आशंका है।

दादरी हत्या मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री संजीव कुमार बालियान, संगीत सोम और साक्षी महाराज जैसे नेताओं के बयानों की पृष्ठभूमि में भाजपा ने अपने नेताओं को आगाह किया है।

बीजेपी ने सपा सरकार पर लगाया आरोप
भाजपा ने उत्तर प्रदेश की सपा सरकार पर भी आरोप लगाया कि वह इस घटना को राजनीतिक रूप दे रही है ताकि राज्य में गिरती कानून व्यवस्था की स्थिति से लोगों का ध्यान भटकाया जा सके। सूत्रों के अनुसार पार्टी नेतृत्व ने भाजपा सदस्यों से संयम बरतने और ऐसे बयान नहीं देने को कहा है जिनसे सांप्रदायिक भावना भड़के।

भड़काऊ बयान नहीं दें जिनसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़े
सूत्रों ने कहा कि पाटी ने उनसे कहा है कि क्षेत्र का दौरा करते समय वे ऐसे भड़काऊ बयान नहीं दें जिनसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता हो।

भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने एक नए विवाद को हवा दी
इस बीच भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने एक नए विवाद को हवा देते हुए कहा कि हिन्दू गाय को अपनी माता मानते हैं।

बीजेपी सांसद आदित्यनाथ का यूपी सरकार पर हमला
भाजपा के एक ही अन्य सांसद आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर ‘‘लापरवाही’’ का आरोप लगाया और इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। वहीं पार्टी के एक विधायक ने इसे सांप्रदायिक नहीं बल्कि ‘सामान्य अपराध’ बताया।

अपमानित होने के बजाय मरना पसंद करेंगे
उत्तर प्रदेश से विवादित सांसद साक्षी महाराज ने कहा, ‘अगर कोई हमारी मां को अपमानित करता है तो हम बर्दाश्त करने के बजाय मर जाएंगे, हमारे लिए यह भारत माता है, हमारी जैविक माता और गौ माता, मैं मोहम्मद आजम खान और गौमांस खाने का समर्थन करने वालों से पूछना चाहता हूं कि उन्हें कैसा महसूस होगा जब किसी का वध कर दिया जाए जिसे वे अपनी माता के समान मानते हों।’

उन्होंने कहा कि अगर कोई आतंकवादी भारत माता पर हमला करता है तो लोग मरने या मारने के लिए तैयार होते हैं। ‘जैविक माता और गौ माता के मामले में भी यही बात है।’ भाजपा विधायक संगीत सोम ने कहा कि घटना को सांप्रदायिक घटना नहीं कहा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘यह सामान्य अपराध है। किसी हिंदू या किसी मुस्लिम के खिलाफ अपराध को..। हत्यारे का कोई धर्म नहीं होता।’

बीजेपी पर भड़की कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने दादरी मुद्दे पर विवादित बयान देने के लिए भाजपा नेताओं की आलोचना की। उन्होंने बिसहड़ा गांव का दौरा करने के लिए नेताओं की आलोचना की और कहा कि उनका मकसद ध्रुवीकरण का है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी जाने के बदले भाजपा नेता स्थिति के ध्रुवीकरण के लिए बिसहड़ा जा रहे थे। वाराणसी में संतों पर लाठीचार्च हुआ था।