यह ख़बर 01 मई, 2013 को प्रकाशित हुई थी

भाजपा ने कर्नाटक के भविष्य को माफिया के पास गिरवी रख दिया : राहुल गांधी

खास बातें

  • कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला तेज करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उसने (भाजपा ने) राज्य के लोगों का भविष्य ‘माफिया’ के पास ‘गिरवी’ रख दिया है और प्रदेश को खनन कारोबारी रेड्डी बंधुओं के हाथों बेच दिया है।
मांड्या (कर्नाटक):

कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा पर हमला तेज करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उसने (भाजपा ने) राज्य के लोगों का भविष्य ‘माफिया’ के पास ‘गिरवी’ रख दिया है और प्रदेश को खनन कारोबारी रेड्डी बंधुओं के हाथों बेच दिया है।

राज्य में 5 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान के तीसरे चरण में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि पार्टी (भाजपा) ने राज्य में सत्ता में आने के लिए रेड्डी बंधुओं जी जनार्दन और जी करूणाकर को तैयार किया।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, ‘‘भाजपा के लोग भ्रष्टाचार के बारे में बात करते हैं। कल ही संसद में उन्होंने भ्रष्टाचार के बारे में बोला। लेकिन वे कर्नाटक के बारे में कुछ नहीं कहेंगे। वे कर्नाटक में भ्रष्टाचार के बारे में कुछ नहीं कहेंगे। वे इस बारे में नहीं बात करेंगे कि एक मुख्यमंत्री को जेल जाना पड़ा। वे रेड्डी बंधुओं के बारे में कुछ नहीं कहेंगे जिनके हाथों उन्होंने पूरे राज्य को बेच दिया... वे भ्रष्टाचार की बात करते हैं।’’

राहुल ने कहा कि ऐसा भी समय था जब कर्नाटक दमक रहा था और हम इस राज्य के प्रगतिशील और अग्रणी होने की बात करते थे। लेकिन यह दुखद है कि पिछले नौ वर्षों में कर्नाटक की चमक समाप्त हो गई है। बीएस येदियुरप्पा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री को जेल जाना पड़ा। ‘‘और आपका भविष्य माफिया के पास गिरवी रख दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि कर्नाटक में प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक संसाधन हैं जिसमें बड़ी मात्रा लौह अयस्क की है। ‘‘यह संसाधन किसी एक व्यक्ति की जागीर नहीं है। यह कर्नाटक के सभी लोगों का है। यह राज्य के युवाओं और बुजुर्गो का है।’’ रेड्डी बंधुओं पर परोक्ष निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि संसाधनों का उपयोग राज्य के युवाओं का भविष्य बनाने के लिए किया जाना चाहिए था लेकिन पिछले नौ वर्षों में यह धन एक परिवार के पास गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘सत्ता में वापस आने के लिए भाजपा को रेड्डी बंधुओं का समर्थन मिला।’’ कांग्रेस उपाध्यक्ष ने सवाल किया कि यह पैसा उनके पास कहां से आया और फिर उपस्थित भीड़ से कहा कि यह आपके संसाधन से आया है।

राहुल ने कहा कि लौह अयस्क चीन को निर्यात किये जाने की बजाए राज्य में नौकरियों के सृजन के लिए इस्पात संयंत्र स्थापित किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, ‘‘आपको एक भ्रष्ट विधानसभा मिली है लेकिन नौकरियां नहीं मिली हैं। आपका संसाधन चीन जा रहा है। इस तरह की सरकार भाजपा ने पिछले नौ वषरे में दी है। आपके प्राकृतिक संसाधन कुछ लोगों के समूहों को दिये गए हैं और विधान सभा माफिया को सौंप दी गई है।’’

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

किसानों को पेयजल और बिजली प्रदान करने में भाजपा सरकार के विफल होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि कर्नाटक में जो खेल चल रहा है, वह आपके (जनता) बारे में नहीं है। यह पैसे से जुड़ा है। यह आपके भविष्य के लिए नहीं है। यह आपसे (लोगों) पैसा झटकने से जुड़ा है।