लापता भारतीय पवर्तारोही का शव एवरेस्ट पर मिला, दो अन्‍य के शव भी 'डेथ जोन' में पड़े

लापता भारतीय पवर्तारोही का शव एवरेस्ट पर मिला, दो अन्‍य के शव भी 'डेथ जोन' में पड़े

काठमांडू:

माउंट एवरेस्ट के शिविर-चार के ऊपर शुक्रवार को लापता भारतीय पर्वतारोही परेश चंद्र नाथ का शव मिल गया। चार भारतीय पर्वतारोहियों के लिए माउंट एवरेस्ट पर्वतारोहण अभियान आयोजित करने वाले लोबेन शेरपा ने कहा कि शेरपा के एक छह सदस्यीय दल ने नाथ के शव का पता लगाया।

उन्होंने कहा कि खराब मौसम के कारण नाथ के शव को आधार शिविर तक लाना बहुत मुश्किल था। शेरपा ने कहा कि नाथ (58) के साथ लापता एक अन्य भारतीय पर्वतारोही सुभाष पाल का शव भी एवरेस्ट के तिरछे पहाड़ में देखा गया और उसे लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

एवरेस्ट पर चढ़ते समय उसी दिन लापता हुए एक और भारतीय पर्वतारोही गौतम घोष (51) का शव भी 8,000 मीटर की ऊंचाई पर देखा गया, लेकिन अभी तक उसे वापस लाया नहीं गया है। सुनिता हजारा और अन्य भारतीय पर्वतारोहियों को बचा लिया गया, जिनका इलाज काठमांडू स्थित नॉर्विक अंतर्राष्ट्रीय अस्पताल में हो रहा है। घोष और पाल पश्चिम बंगाल के पर्वतारोही हैं और दोनों के शव 'डेथ जोन' में 8,000 मीटर की ऊंचाई पर पड़े हुए हैं।

शेरपा लोग एवरेस्ट क्षेत्र में तेज हवाओं का सामना करते हुए शवों को नीचे लाते हैं। हालांकि छह सदस्यीय शेरपाओं का दल खराब मौसम के कारण शिविर-चार से आगे नहीं बढ़ पाया। तीन भारतीय पर्वतारोहियों की मौत के साथ ही इस वर्ष एवरेस्ट पर मरने वालों की संख्या पांच हो गई है।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com