यह ख़बर 11 नवंबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

येदियुरप्पा का जेटली से मिलने से इनकार, बनाएंगे नई पार्टी

खास बातें

  • कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को पार्टी के केंद्रीय नेता अरुण जेटली से मिलने से इनकार कर दिया और इस बात पर कायम रहे कि वह अपनी अलग पार्टी बनाएंगे, क्योंकि भाजपा उन्हें समझने की इच्छुक नहीं ल
बेंगलुरू:

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बीएस येदियुरप्पा ने रविवार को पार्टी के केंद्रीय नेता अरुण जेटली से मिलने से इनकार कर दिया और इस बात पर कायम रहे कि वह अपनी अलग पार्टी बनाएंगे, क्योंकि भाजपा उन्हें समझने की इच्छुक नहीं लगती।

येदियुरप्पा घोषणा कर चुके हैं कि वह भाजपा छोड़ देंगे और नौ दिसम्बर को अपने नए संगठन कर्नाटक जनता पार्टी (कजपा) का गठन करेंगे। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि वह जेटली का 'आदर' करते हैं लेकिन "उनसे मिलने और नई पार्टी के गठन के फैसले से पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता।"

एक महीने के अंदर यह दूसरा मौका है जब येदियुरप्पा ने जेटली से मिलने से इनकार कर दिया है। जेटली ने अक्टूबर के पहले सप्ताह में येदियुरप्पा के गृह जिले शिमोगा का दौरा किया था, लेकिन उनसे मिलने के बजाय उन्होंने दूरी बनाए रखी।

येदियुरप्पा ने जोर देते हुए कहा, "नौ दिसम्बर को नई पार्टी के गठन की उनकी योजना बदली नहीं है। (समर्थक मंत्रियों और भाजपा विधायकों का जिक्र करते हुए) भले ही उस दिन कोई मेरे साथ रहे या न रहे।"

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कर्नाटक के मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार के 34 सदस्यीय मंत्रिमंडल के लगभग आधे मंत्री हालांकि येदियुरप्पा के प्रति निष्ठावान हैं लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इनमें से कितने मंत्री नई पार्टी में आएंगे।