यह ख़बर 20 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष की हत्या

मुंबई:

नवी मुंबई से सटे खारघर में महाराष्ट्र बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष मीनाक्षी जायसवाल की हत्या कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, हत्या का मकसद लूटपाट था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मीनाक्षी के पति मालेगांव में जज हैं।

मीनाक्षी जायसवाल का शव खारघर स्थित उनके अपार्टमेंट में शनिवार सुबह सबसे पहले उनके घरेलू डॉक्टर ने देखा फिर पुलिस को इत्तेला दी। उनकी गर्दन पर चाकू के निशान थी, साथ ही उनके हाथ पर भी गहरे ज़ख्म थे।

पुलिस के मुताबिक, 4-5 की संख्या में आरोपी खारघर सेक्टर 17 स्थित उनके फ्लैट में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। हत्या के वक्त घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिस के मुताबिक, हत्या का मकसद लूटपाट था। आरोपियों ने मृतक के घर में कुछ दिनों पहले मरम्मत के काम के दौरान रेकी भी की थी।

नवी मुंबई पुलिस के एडिश्नल कमिश्नर फतेह सिंह पाटिल ने एनडीटीवी को बताया कि एक आरोपी मनिंदर सिंह बाजवा ने कुछ दिनों पहले घर में इलेक्ट्रिशियन का काम किया था, दूसरा आरोपी चव्हाण भी मृतक के घर में छोटा मोटा काम करता था। कभी-कभी उनकी गाड़ी भी चलाता था, शायद इसलिए उन्हें आसानी से फ्लैट में एंट्री मिल गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस ने फिलहाल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, उनके साथियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश कर पुलिस उनके रिमांड की मांग करेगी, ताकि आल-ए-क़त्ल और दूसरे सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है।