महिला कांस्टेबल का आईजी पर आधी रात को फोन पर अश्लील बातें करने का आरोप

महिला कांस्टेबल का आईजी पर आधी रात को फोन पर अश्लील बातें करने का आरोप

प्रतीकात्मक तस्वीर

रायपुर:

छत्तीसगढ़ में बिलासपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पर मुंगेली जिले की महिला कांस्टेबल (कांस्टेबल) ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है। राज्य के गृह मंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को रायपुर में बताया कि बिलासपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक पवन देव के खिलाफ पड़ोसी जिले मुंगेली की एक महिला कांस्टेबल ने प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है।

अधिकारियों ने बताया कि मुंगेली पुलिस लाइन में पदस्थ एक महिला कांस्टेबल ने बिलासपुर के चकरभाटा थाने में और बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक के समक्ष लिखित शिकायत की है। महिला कांस्टेबल ने शिकायत में कहा है कि बिलासपुर के पुलिस महानिरीक्षक अक्सर आधी रात को फोन पर अश्लील वार्तालाप कर उसे अपने बंगले में बुलाने के लिए दबाव डालते थे। महिला सिपाही ने आईजी के साथ उसकी बातचीत की तीन ऑडियो क्लिपिंग भी जारी की है।

राजनाथ सिंह के बिलासपुर दौरे के दौरान की ऑडियो क्लिप
महिला कांस्टेबल के अनुसार यह ऑडियो क्लिपिंग उस समय की है जब केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बिलासपुर दौरे के लिए उसकी 17 जून को बिलासपुर में ड्यूटी लगाई गई थी।

इधर, आईजी पवन देव ने ऑडियो क्लिपिंग में अपनी आवाज होने से इंकार किया है। आईजी का यह भी कहना है कि एक दिन पहले ही उन्होंने बिलासपुर जिले में पदस्थ थानेदार आशीष वासनिक को जांच के बाद नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। महिला कांस्टेबल से थानेदार के सम्बन्ध रहे हैं, इसलिए बदला लेने और उन्हें बदनाम करने के लिए महिला यह आरोप लगा रही है।

डीआईजी को जांच के आदेश
राज्य के गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीआईजी) को मामले की जांच करने के लिए कहा है। जांच के बाद ही महिला कांस्टेबल की शिकायत की सच्चाई सामने आ सकेगी। इस मामले के सामने आने के बाद राज्य महिला आयोग ने मामले को संज्ञान में लिया है।

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पांडेय ने बताया कि मामले के सामने आने के बाद महिला आयोग ने इस मामले को संज्ञान में लिया है। इस संबंध में मुंगेली जिले की पुलिस अधीक्षक और राज्य के पुलिस महानिदेशक से जानकारी मांगी गई है। वही महिला कांस्टेबल द्वारा जारी ऑडियो क्लिपिंग की भी जांच की जाएगी।



(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com