यह ख़बर 28 दिसंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

केजरीवाल सरकार के हर मंत्री को मिला एक नौकरशाह

अरविंद केजरीवाल सीएम कार्यालय में...

नई दिल्ली:

दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शपथ ग्रहण करने के कुछ ही घंटों के भीतर अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों की मदद के लिए नौकरशाह नियुक्त कर दिए।

शिक्षा, उच्च शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, शहरी विकास विभाग, स्थानीय संस्थाएं, भूमि और भवन तथा राजस्व विभाग संभाल रहे मनीष सिसोदिया के सहायक अतिरिक्त आयुक्त (व्यापार और कर) सी अरविंद होंगे।

प्रशासकीय सुधार, कानून, पर्यटन, कला और संस्कृति मंत्रालय संभाल रहे सोमनाथ भारती के सहायक दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) के प्रबंधक बिनय भूषण होंगे।

स्वास्थ्य, उद्योग और गुरुद्वारा चुनाव विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे सत्येंद्र जैन के सहायक पीके पांडा विशेष आयुक्त (व्यापार और कर) होंगे।

मंत्रिमंडल की सबसे युवा सदस्य राखी बिड़ला को महिला और बाल विकास, सामाजिक सुधार और भाषा विभाग दिए गए हैं। उनके सचिव अतिरिक्त निदेशक (शिक्षा) डी वर्मा होंगे।

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति कल्याण, रोजगार, विकास और श्रम तथा कौशल अभियान विभाग गिरीश सोनी को सौंपा गया है। उनके सचिव सी उदय कुमार अतिरिक्त सचिव (शहरी विकास) होंगे।

परिवहन, खाद्य आपूर्ति, पर्यावरण, चुनाव और आम प्रशासकीय सुधार विभाग सौरभ भारद्वाज को दिए गए हैं। उनके सचिव उप महानिरीक्षक (जेल) जी सुधाकर होंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

केजरीवाल 1989 बैच के आईएएस अधिकारी राजेंद्र कुमार को अपना प्रधान सचिव बनाने वाले हैं।