यह ख़बर 09 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

'हिसार में कांग्रेस को दें ऐतिहासिक शिकस्त'

खास बातें

  • हिसार में लोकसभा उपचुनाव से पूर्व टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर सीधा प्रहार करना शुरू किया।
हिसार:

हिसार में लोकसभा उपचुनाव से पूर्व सूचना का अधिकार (आरटीआई) कार्यकर्ता एवं टीम अन्ना के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पर सीधा प्रहार करना शुरू किया। शनिवार को उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे कांग्रेस को 'ऐतिहासिक शिकस्त' दें। हिसार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के नारनौंद कस्बे में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा, "भारत के राजनीतिक इतिहास में यह मौका आपके हाथ आया है। यह सिर्फ हिसार का उपचुनाव नहीं है, पूरा देश आपकी तरफ देख रहा है। यदि आप कांग्रेस को ऐतिहासिक हार का स्वाद चखाते हैं तो यह अन्ना हजारे की जीत होगी। कांग्रेस के पक्ष में एक भी वोट न पड़ने दें। भ्रष्टाचार को महिमामंडित करने वालों को सबक सिखाएं।" उन्होंने कहा, "इस देश में कांग्रेस भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है।" केजरीवाल ने हिसार के लोगों से सहयोग मांगा और उनसे कांग्रेस तथा भ्रष्टाचार में लिप्त अन्य दलों के नेताओं के खिलाफ वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा, "केंद्र सरकार को आशंका है कि यदि जन लोकपाल कानून बना तो उसके मंत्रियों में से आधे जेल चले जाएंगे।"   बड़ी संख्या में जुटे लोगों के बीच उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी अपने भ्रष्ट नेताओं को जेल नहीं भेजना चाहती। यहां तक कि वह उनके खिलाफ कोई कार्रवाई भी नहीं करना चाहती, वरना वह जन लोकपाल का विरोध क्यों करती।" भ्रष्टाचार के विभिन्न मुद्दे उठाने पर जनसभा में मौजूद लोगों ने नारे लगाकर केजरीवाल और टीम अन्ना को सहयोग देने वचन दिया। केजरीवाल के साथ अन्ना हजारे के एक अन्य सहयोगी मनीष सिसोदिया भी थे। उन्होंने कहा, "वाकई कांग्रेस को अपने नेताओं के जेल चले जाने की आशंका है, अन्यथा वह जन लोकपाल विधेयक को देश के खिलाफ बताने का प्रयास क्यों करती।"   इससे पहले रोहतक में केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे का अभियान उनकी अपनी सोच थी। उनके अभियान का किसी पार्टी या संगठन से कोई सम्बंध नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे द्वारा चलाए गए अभियान का श्रेय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) नहीं ले सकता। इस बीच, अन्ना हजारे के एक वीडियो संदेश के साथ उनके सहयोगियों ने हरियाणा की हिसार लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले शनिवार से अपना प्रचार शुरू कर दिया। अन्ना हजारे ने अपने संदेश में कांग्रेस के खिलाफ मतदान करने की अपील की है। ज्ञात हो कि हिसार लोकसभा सीट पर 13 अक्टूबर को मतदान होना है। इस वर्ष जून में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और हिसार से सांसद रहे भजनलाल का निधन हो जाने से यह सीट खाली हुई थी। भ्रष्टाचार विरोधी मंच के कार्यकर्ताओं ने यहां बताया कि अन्ना स्वयं हिसार उपचुनाव में कांग्रेस के खिलाफ प्रचार में शामिल नहीं हो रहे हैं लेकिन उन्होंने एक रिकॉर्डेड संदेश भेजकर लोगों से कांग्रेस के खिलाफ वोट करने की अपील की है क्योंकि कांग्रेस ने प्रभावी लोकपाल विधेयक लाने का विरोध किया था। अन्ना हजारे का वीडियो संदेश लोगों को अगले दो-तीन दिनों तक दिखाया जाएगा। पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी और मशहूर अधिवक्ता प्रशांत भूषण के भी अगले दो दिनों के भीतर यहां आने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि हिसार लोकसभा सीट से हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) से दिवंगत भजनलाल के पुत्र कुलदीप विश्नोई, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अजय चौटाला और तीन बार सांसद रह चुके कांग्रेस के जयप्रकाश चुनाव मैदान में हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com