कांग्रेस ने नौ जून को बुलाई कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की फाइल फोटो

नई दिल्ली:

कांग्रेस ने गैर भाजपा दलों द्वारा शासित राज्यों के प्रति नरेंद्र मोदी सरकार के रुख के लिए उस पर निशाना साधने के एक जाहिर कदम के तौर पर नौ जून को कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का एक सम्मेलन आयोजित करने का फैसला किया है।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्याक्ष राहुल गांधी एआईसीसी (अखिल भारतीय कांग्रेस समिति) मुख्यालय में होने वाली इस बैठक में मौजूद होंगे।

पिछले साल मई में कांग्रेस के केंद्र की सत्ता गंवाने के बाद यह इस तरह का पहला सम्मेलन होगा। सुरजेवाला ने कहा कि सम्मेलन का एजेंडा तैयार किया जा रहा है।

कांग्रेस इस समय नौ राज्यों - अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, मिजोरम, मणिपुर, कर्नाटक, केरल, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में सत्ता में है।

साल 1998 से कांग्रेस की बागडोर संभाल रहीं सोनिया ने कांग्रेस के केंद्र में विपक्ष में होने के दौरान पार्टी मुख्यमंत्रियों का इस तरह का सम्मेलन आयोजित करने का चलन शुरू किया था।

कांग्रेस के बैठक का इस्तेमाल राज्यों से जुड़े मुद्दों को लेकर मोदी सरकार पर हमला तेज करने के लिए करने की संभावना है।

कांग्रेस अध्यक्ष पहले ही केंद्र और प्रधानमंत्री पर संसद में 'हठपूर्ण घमंड' का आरोप लगाते हुए हमला कर चुकी हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कुछ समय पहले उन्होंने विवादित भूमि अधिग्रहण विधेयक का विरोध करते हुए विपक्ष के 14 नेताओं के साथ राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च किया था।