यह ख़बर 19 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

जन्मदिन पर राहुल गांधी विदेश में, कार्यकर्ताओं ने काटा 44 किलो का केक

नई दिल्ली:

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया। राहुल आज 44 साल के हो गए।

राहुल यद्यपि दिल्ली में नहीं हैं और विदेश यात्रा पर हैं, लेकिन उनकी अनुपस्थिति पार्टी समर्थकों को अपने नेता का जन्मदिन मनाने के उत्साह पर कोई असर नहीं डाल सकी।

जगदीश शर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने 44 किलो का केक काटा, जबकि सैंकड़ों कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय 24 अकबर रोड और सोनिया के निवास 10 जनपथ के पास इकट्ठा हुए और ढोल नगाड़ों के साथ पटाखे छोड़े।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गरीब महिलाओं को साड़ियां वितरित कीं। लोकसभा चुनाव में मिली भारी पराजय के बाद पार्टी दफ्तर के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं का इस तरह का उत्सव भरा यह पहला समारोह था। इन चुनावों में पार्टी को अब तक की सबसे भारी पराजय का सामना करना पड़ा है और लोकसभा में उसके सदस्यों की संख्या घटकर 44 पर पहुंच गई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

इस बीच युवक कांग्रेस प्रमुख राजीव सताव ने ट्विटर पर अपने नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जबकि कुछ पार्टी नेताओं ने उन्हें फोन पर बधाई दी। राहुल गांधी को जनवरी 2013 में पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया है।