यह ख़बर 13 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

कांग्रेस ने दुष्कर्म के आरोपी मंत्री मेघवाल से इस्तीफा मांगा

नई दिल्ली:

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शोभा ओझा ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री निहालचंद मेघवाल से इस्तीफे की मांग की। मेघवाल दुष्कर्म के एक मामले में कथितरूप से शामिल हैं।

ओझा ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा, 'हम निहालचंद मेघवाल से इस्तीफे की मांग करते हैं, क्योंकि यदि वह केंद्रीय मंत्री के पद पर बने रहे तो दुष्कर्म के मामले में अपने खिलाफ सुनवाई को प्रभावित कर सकते हैं।'

ओझा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने मंत्री के खिलाफ कार्रवाई न करना चकित करने वाला है। जबकि वह महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से संबंधित मामलों के लिए बार-बार चिंता प्रकट करते हैं।

ओझा ने कहा, 'चुनाव के दौरान पूरे देश ने महिला सुरक्षा के लिए लंबे-चौड़े वादे करते मोदी को सुना। और अब दुष्कर्म के आरोपी अपने मंत्री पर मौन हैं। यह शर्मनाक है, और एक बार फिर उनका दोमुंहापन जनता के सामने आ गया है।'

केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री और भाजपा सांसद मेघवाल के खिलाफ जयपुर की एक जिला अदालत ने दुष्कर्म के एक मामले में पेश होने के लिए गुरुवार को सम्मन जारी किया। इस मामले में मंत्री और 16 अन्य लोग आरोपित हैं।

वर्ष 2011 में एक महिला ने यहां वैशाली नगर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उसने अपने पति सहित मेघवाल और 16 अन्य पर यौन शोषण का आरोप लगाया था।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

जांच के बाद पुलिस ने 2012 में मामले को बंद कर दिया, क्योंकि उसने आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत पाया। लेकिन 28 जून, 2013 को महिला ने पुलिस के अंतिम रिपोर्ट को न्यायालय में चुनौती दे दी, और गुरुवार को न्यायालय ने सभी 17 आरोपियों को जवाब देने के लिए 20 अगस्त तक का समय दिया।