मार्कन्डेय काटजू (फाइल फोटो)
वाराणसी: दिल्ली के निकट ग्रेटर नोएडा के दादरी में गोमांस खाने की अफवाह के कारण एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या की घटना को ‘राजनीति से प्रेरित’ करार देते हुए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश मार्कन्डेय काटजू ने कहा कि गाय सिर्फ एक पशु है ‘जो किसी की माता नहीं हो सकती।’
गाय सिर्फ एक पशु है...
उन्होंने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में एक कार्यक्रम में कहा, " गाय सिर्फ एक पशु है और कोई पशु किसी की माता नहीं हो सकता। अगर मैं गौमांस खाना पसंद करता हूं तो इसमें गलत क्या है। दुनियाभर में लोग गौमांस खाते हैं। अगर मैं भी खाना पसंद करता हूं तो इसे कौन रोक सकता है।" काटजू ने कहा कि वह भी गौमांस खाते हैं और इसमें कोई नुकसान नहीं है।
काटजू के खिलाफ प्रदर्शन
बाद में काटजू की टिप्पणियों का विरोध करते हुए कई छात्रों ने प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने काटजू का रास्ता रोकने का भी प्रयास किया।
काटजू ने दादरी में गौमांस की अफवाह को लेकर अखलाक नामक शख्स के मारे जाने की घटना की कड़ी निंदा की।