यह ख़बर 18 फ़रवरी, 2011 को प्रकाशित हुई थी

CWG: अधिकारियों के परिसरों पर सीबीआई छापे

खास बातें

  • सीबीआई ने पिछले वर्ष राष्ट्रमंडल खेल आयोजन में हुई अनियमितता के सिलसिले में आयोजन समिति के अधिकारियों के दिल्ली स्थित परिसरों पर छापेमारी की।
नई दिल्ली:

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को पिछले वर्ष राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में हुई अनियमितता के सिलसिले में आयोजन समिति के अधिकारियों के दिल्ली स्थित परिसरों पर छापेमारी की। सीबीआई के एक अधिकारी ने कहा, "विभिन्न स्थानों पर छापेमारी आज (शुक्रवार) सुबह शुरू हुई।" ज्ञात हो कि राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन पिछले वर्ष 3 से 14 अक्टूबर तक हुआ था। इसके आयोजन में बड़े पैमाने पर अनियमितता एवं भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। सीबीआई इससे पहले आयोजन समिति से जुड़े चार अधिकारियों- टीएस दरबारी, संजय महेंद्रू, एम. जयचंद्रन और शेखर देवरुखकर को गिरफ्तार कर चुकी है। 11 फरवरी को गिरफ्तार किए गए देवरुखकर को छोड़ कर सभी आरोपियों को जमानत मिल चुकी है। इस सिलसिले में मेरोफॉर्म इंडियन प्रा.लि. एवं जीएल इवेंट्स प्रा.लि. के निदेशक बीनू नानू को भी गिरफ्तार किया गया था। वह इस समय जेल में हैं। उन पर आरोप है कि वह राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ओवरलेज के 600 करोड़ रुपये के ठेके में हुई धांधली में संलिप्त रहे हैं। ओवरलेज के कार्यों में टेंटों की आपूर्ति, सचल शौचालय एवं एयरकंडीशनरों का इंतजाम शामिल था। केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोप में 24 जनवारी को आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी और समिति के महासचिव ललित भनोट को पद से हटा दिया था। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 16 फरवरी को कहा था कि राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में गड़बड़ी करने वाले बचकर निकल नहीं पाएंगे।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com