यह ख़बर 08 अक्टूबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में 12 अक्टूबर को भीषण चक्रवाती तूफान की आशंका

नई दिल्ली / भुवनेश्वर:

आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्रों में 12 अक्टूबर को भयंकर चक्रवाती तूफान आने की आशंका है, जिसके कारण भारी बारिश होगी और 155 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाला तूफान भी आ सकता है।

मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि चक्रवात 'हुदहुद' ने पोर्टब्लेयर और अंडमान-निकोबार के लांग द्वीप को पार कर लिया है और तूफान की रफ्तार अभी 67 किलोमीटर प्रतिघंटा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने दिल्ली में बताया, यह 12 अक्टूबर को दोपहर में आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम और ओडिशा में गोपालपुर के बीच से पूर्वी तट को पार करेगा। इस दौरान हवा की गति 130 से 140 किलोमीटर प्रतिघंटा रहने की आशंका है और तूफान की गति 155 किलोमीटर प्रतिघंटा तक बढ़ सकती है।

हालांकि उन्होंने बताया कि अभी तक चक्रवात के स्थलीय क्षेत्र में प्रवेश करने का कोई स्थान तय नहीं हो पाया है और इसके समुद्री इलाके में ही रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान विभाग के चक्रवाती चेतावनी प्रकोष्ठ में वैज्ञानिक एम. महापात्र का कहना है, चक्रवात विशाखापत्तनम से गोपालपुर के बीच 200 किलोमीटर के क्षेत्र स्थल में प्रवेश कर सकता है और चक्रवात का आकार करीब 500 किलोमीटर का है। पिछले वर्ष अक्टूबर में आए 'फैलिन' के बाद 'हुदहुद' इस साल का भयानक चक्रवात है। वैज्ञानिकों का कहना है कि हालांकि यह 'फैलिन' जितनी तबाही नहीं मचाएगा, लेकिन यह उसी श्रेणी का चक्रवात है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com