यह ख़बर 07 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

कैब में रेप : आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने मथुरा से गिरफ्तार किया

उबेर कंपनी की कैब, जिसमें महिला के साथ रेप हुआ

नई दिल्ली:

दिल्ली में कैब में 27 साल की लड़की के साथ रेप के मामले में पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। आगरा रेंज की डीआईजी लक्ष्मी सिंह के अनुसार किराये के मकान में रहने वाले और मथुरा निवासी 32 वर्षीय कैब ड्राइवर शिव कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सिंह ने बताया कि जिस कैब में यह अपराध हुआ है, वह यादव की थी और उसके मोबाइल नंबर के जरिए उसका पता लगाया गया। उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। कार को बीती देर रात शहर से बरामद किया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मथुरा और उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में चलाए गए व्यापक खोजबीन अभियान के बीच दिल्ली पुलिस ने आज दिन में उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया, 'वाहन को खोज लिया गया है और उसे दिल्ली लाया जा रहा है और फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा उसका एफएसएल परीक्षण किया जाएगा। 12 टीमें खोज अभियान में शामिल थीं और हमें मथुरा में स्थानीय पुलिस से पूरा सहयोग मिल रहा है।'

पुलिस ने अमेरिकी कंपनी उबर को भी इस मामले में जांच में शामिल होने के लिए अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 161 के तहत नोटिस जारी किया है।

इस बीच सूत्रों के हवाले से घटना को लेकर जो जानकारी आ रही है उसके मुताबिक शुक्रवार की रात 10:58 पर वसंत विहार से कैब ली गई। रात 11:35 पर कैब जख़ीरा पहुंची। यहीं ड्राइवर को लगा कि लड़की सो रही है।

ड्राइवर ने उबर कंपनी को बताया कि यात्री को पहुंचा दिया है। इसके बाद गाड़ी को सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। शोर मचाने पर लड़की को जान से मारने की धमकी दी, ड्राइवर लड़की को घर के पास छोड़कर भाग गया। रात एक बजे लड़की ने पुलिस को फोन किया। लड़की ने कार की तस्वीर खींच ली थी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पीड़िता की शिकायत पर बलात्कार का मामला दर्ज किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मेडिकल जांच में महिला के साथ रेप की पुष्टि हुई है।

यह कैब उबर कंपनी की थी। उबर की ओर से बयान जारी किया गया है, जिसमें लिखा गया है, हमें इस घटना की जानकारी सुबह मिली। सुरक्षा हमारे लिए सबसे अहम है और हम इस तरह की घटनाओं को काफी गंभीरता से लेते हैं। हम इस मामले में पुलिस को सहयोग कर रहे हैं। अपनी पॉलिसी के मुताबिक हमने ड्राइवर को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। सुरक्षित यात्रा के लिए हम लाइसेंस रखने वाले ड्राइवरों का इस्तेमाल करते हैं। साथ ही ड्राइवर और गाड़ी की पूरी जानकारी भी हमारे पास होती है। (एजेंसी इनपुट के साथ)