एनडीटीवी को दिए केजरीवाल के इंटरव्यू पर बोले उप राज्यपाल नजीब जंग, ईश्वर उन्हें माफ करें

नजीब जंग की फाइल तस्वीर

नई दिल्ली:

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा एनडीटीवी को दिए गए इंटरव्यू में अपने ऊपर की गई टिप्पणियों पर उप राज्यपाल नजीब जंग ने कहा है कि मुख्यमंत्री को माफ कर दिया जाना चाहिए, क्योंकि उन्हें पता नहीं है कि वह क्या कहते हैं। जंग ने कहा, ईश्वर उन्हें माफ करें, वह नहीं जानते कि क्या बोलते हैं।

दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में केजरीवाल ने उप राज्यपाल नजीब जंग पर और तीखा हमला करते हुए उन्हें बीजेपी का 'पोलिंग एजेंट' करार दिया और आरोप लगाया कि उप राज्यपाल ने अपने सरकारी आवास को 'बीजेपी मुख्यालय' में बदल दिया है।

नजीब जंग की आलोचना करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया या दिल्ली के अन्य मंत्रियों तक को मिलने का समय नहीं देते या उनके फोन नहीं उठाते। लेकिन यदि अमित शाह (बीजेपी अध्यक्ष) के चौकीदार उन्हें (उप राज्यपाल को) फोन करते हैं तो वे रेंगते हुए जाएंगे।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए केजरीवाल ने कहा, दिल्ली की जनता ने हमारे लिए वोट दिया और बाकी देश ने मोदी का समर्थन किया। इसलिए मेहरबानी कर हमें दिल्ली को चलाने दें और आप (मोदी) देश को चलाएं। एलजी के जरिए आए दिन हमारे लिए समस्याएं पैदा नहीं करें। एक अच्छे प्रधानमंत्री को यह सब शोभा नहीं देता। दिल्ली की हार का बदला जनता और 'आप' से लेना सही नहीं है।