यह ख़बर 24 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

'बड़ी भूमिका' में आएंगे राहुल : दिग्विजय

खास बातें

  • दिग्विजय ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका में आएंगे और पुरानी पीढ़ी से युवा हाथों में पार्टी की कमान का जाना निश्चित तौर पर होगा।
New Delhi:

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका में आएंगे और पुरानी पीढ़ी से युवा हाथों में पार्टी की कमान का जाना निश्चित तौर पर होगा। दिसंबर में कांग्रेस महाधिवेशन में अपनी टीम बनाने के लिए राहुल गांधी की जमकर तारीफ करने वाले सिंह ने हालांकि इस बात पर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा कि राहुल कब तक अपनी इस भूमिका में सामने आएंगे। उन्होंने कहा, यह आप खुद देख लेंगे। यह पूछे जाने पर कि भविष्य का प्रधानमंत्री बताए जाने की पृष्ठभूमि में निकट भविष्य में क्या वह राहुल गांधी को बड़ी जिम्मेदारी में आने की संभावना देखते हैं, दिग्विजय सिंह ने कहा, निश्चित तौर पर वह (राहुल) बड़ी भूमिका निभाएंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस बात से सहमत हैं कि पार्टी में युवाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने की प्रक्रिया धीमी रफ्तार से चल रही हैं, उन्होंने कहा, यह धीमा है, लेकिन निश्चित है। उन्होंने कहा कि ऐसा होना तय है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com