ताजमहल पर पड़ रहे हैं हरे धब्बे, चिंतित सीएम अखिलेश ने जल्द समाधान के दिए निर्देश

ताजमहल पर पड़ रहे हैं हरे धब्बे, चिंतित सीएम अखिलेश ने जल्द समाधान के दिए निर्देश

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ताजमहल पर जगह-जगह हरे दाग की खबर को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को मामले का जल्द से जल्द परीक्षण कराकर ठोस कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं।

ताजमहल पर पड़ रहे धब्बों का जल्द समाधान निकालने का निर्देश
राज्य सरकार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, अखिलेश ने कहा कि पूरी दुनिया में ताजमहल की खूबसूरती और वैभव के चर्चे होते हैं। प्रदेश की समाजवादी सरकार इस धरोहर को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचने देगी। बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने आगरा के मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग, पुरातत्व विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित सभी संबंद्ध अधिकारियों को ताजमहल पर हरे धब्बे पड़ने के सही कारणों का जल्द पता लगाकर जल्द इसका समाधान निकालने को कहा है।

यमुना में बढ़ता प्रदूषण है वजह
गौरतलब है कि मीडिया में खबरें आई थीं कि ताजमहल और उसकी नक्काशी पर जगह-जगह हरे रंग के धब्बे दिखाई दे रहे हैं। ऐसा काइरोनोमस नामक कीड़े के कारण हो रहा है, जो आगरा में यमुना नदी में अधिक प्रदूषण के कारण तेजी से पनप रहे हैं। ये कीड़े ताजमहल के सफेद संगमरमर पर गंदगी छोड़ रहे हैं। इससे ताजमहल का संगमरमर हरा हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ताजमहल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की सबसे खूबसूरत इमारतों में से एक है। यह प्रदेश और देश की विशिष्ट ऐतिहासिक धरोहर है।

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है)


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com