देश भर में गर्मी और लू के थपेड़ों से मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 2200 के पार

देश भर में गर्मी और लू के थपेड़ों से मरने वालों का आंकड़ा पहुंचा 2200 के पार

नई दिल्ली:

चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों से देश के विभिन्न भागों में अभी तक 2207 लोगों की मौत हो चुकी है। आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में पिछले 24 घंटों में 202 लोगों के मरने की खबर है।
 
देश के विभिन्न भागों में शुक्रवार तक 2005 लोगों की मौत हुई थी। पूरे देश में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है तो वहीं महाराष्ट्र के नागपुर में सबसे अधिक 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
 
आंध्रप्रदेश में लू लगने से शनिवार को 146 लोगों की मौत होने के साथ ही प्रदेश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1636 हो गई है।
 
प्रदेश के प्रकाशम जिले में सबसे ज्यादा 333 लोगों की मौत हुई है। लू लगने से गुंटूर जिले में 233, पूर्वी गोदावरी में 192, विशाखापत्तनम में 185, विजियानगरम में 177, नेल्लोर में 163, कृष्णा में 78, चित्तूर में 64, श्रीकाकुलम में 60, अनंतपुर में 56, कड़प्पा में 38, कुरनूल में 34 और पश्चिमी गोदावरी में 23 लोगों की मौत हुई है।
 
मौसम विभाग के अनुसार, गुंटूर और रायलसीमा के कुरनूल के इलाके में शनिवार को भी पूरे दिन लू चलती रही। सबसे ज्यादा तापमान, 47 डिग्री सेल्सियस जंगमाहेश्वरपुर में दर्ज किया गया।
 
पिछले 24 घंटों में रायलसीमा और तटवर्ती आंध्रप्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई है।
 
 
तेलंगाना आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटों में लू के कारण और 52 लोगों की मौत होने के साथ ही प्रदेश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 541 हो गई है। प्रदेश में शुक्रवार तक लू के थपेड़ों से 489 लोग मारे गए थे।

ओडिशा में भी लू के कारण और चार लोगों की मौत होने के साथ ही, प्रदेश में गर्मी के कारण मरने वालों की संख्या 17 से बढ़कर 21 हो चुकी है। गुजरात में अभी तक सात लोगों की मौत हुई है, जबकि दिल्ली से दो लोगों के मरने की सूचना है।
 
तेलंगाना में 15 अप्रैल से अभी तक सबसे ज्यादा 139 लोगों की मौत नालगोंडा जिले में हुई है। प्रदेश के करीमनगर में 120, खम्माम में 95 और महबूबनगर में 42 लोग अभी तक मारे गए हैं।
 
लू से रंगा रेड्डी जिले में 36, मेडक में 35, आदिलाबाद में 26, वारंगल में 20, निजामाबाद में 18 और राजधानी हैदराबाद में 10 लोग मारे गए हैं ।
 
प्रदेश में सबसे ज्यादा 47 डिग्री सेल्सियस तापमान शुक्रवार को रामागुंडम में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, तेलंगाना में कुछ जगहों पर शुक्रवार को हल्की बारिश हुई है।
 
ओडिशा में विशेष राहत आयुक्त के कार्यालय को सूचना मिली है कि कथित रूप से लू के थपेड़ों से अभी तक 108 लोगों की मौत हुई है। हालांकि इनमें से महज 21 लोगों के लू के कारण मारे जाने की पुष्टि हुई है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com