यह ख़बर 04 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

हेमंत सोरेन रविवार को करेंगे मंत्रिमंडल का विस्तार

खास बातें

  • झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने मंत्रिमंडल का रविवार को विस्तार करेंगे। उम्मीद है कि वे अपने मंत्रिमंडल में छह मंत्रियों को शामिल करेंगे।
रांची:

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने मंत्रिमंडल का रविवार को विस्तार करेंगे। उम्मीद है कि वे अपने मंत्रिमंडल में छह मंत्रियों को शामिल करेंगे।

राजभवन के एक अधिकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। छह मंत्रियों में चार झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के और कांग्रेस व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक-एक होंगे।

जिन चार झामुमो विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी उनमें हाजी हुसैन अंसारी, जय प्रकाश भाई पटेल, साइमन मरांडी और चंपई सोरेन शामिल हैं। कांग्रेस के गीताश्री उरांव और राजद के सुरेश पासवान मंत्री पद की शपथ लेंगे।

झारखंड में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। साझा सरकार में शामिल दलों की आपसी सहमति के मुताबिक झामुमो और कांग्रेस दोनों के पांच-पांच मंत्री जबकि राजद के दो मंत्री होंगे। अभी मुख्यमंत्री झामुमो से हैं जबकि कांग्रेस और राजद के एक-एक मंत्री हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कांग्रेस की ओर से सिर्फ उरांव का नाम आने के कारण शेष तीन मंत्री दूसरे विस्तार में शामिल होंगे। हेमंत सोरेन 13 जुलाई को मुख्यमंत्री बने और 18 जुलाई को उन्होंने विश्वास मत जीता।