यह ख़बर 06 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

पीड़ित महिलाओं से मिलीं हिलेरी, विक्टोरिया मेमोरियल का किया दौरा

खास बातें

  • अपनी दो दिन की यात्रा पर कोलकाता पहुंचीं अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन रविवार को मानव तस्करी से पीड़ित महिलाओं से मिलीं और ब्रिटिश काल के विक्टोरिया मेमोरियल का दौरा किया।
कोलकाता:

अपनी दो दिन की यात्रा पर कोलकाता पहुंचीं अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन रविवार को मानव तस्करी से पीड़ित महिलाओं से मिलीं और ब्रिटिश काल के विक्टोरिया मेमोरियल का दौरा किया। क्लिंटन की यात्रा को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

विश्व के सर्वाधिक ताकतवार राजनीतिक नेताओं में से एक क्लिंटन के राजधानी पहुंचने पर उनकी सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। शाम के समय क्लिंटन ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया।

अपनी यात्रा के पहले दिन क्लिंटन जहां मानव तस्करी से पीड़ित महिलाओं से मिलीं और ब्रिटिश काल के विक्टोरिया मेमोरियल का दौरा किया। वहीं, अब उनका दौरा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने पर केंद्रित हो गया है।

अमेरिकी विदेश मंत्री सोमवार को राइटर्स बिल्डिंग के राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री बनर्जी से मिलने वाली हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात में खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई), तीस्ता संधि एवं राज्य में अमेरिकी निवेश जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

क्लिंटन अमेरिकी वायु सेना के विमान से दोपहर 12.55 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। कोलकाता पहुंचने के कुछ घंटों बाद वह मानव तस्करी से पीड़ित महिलाओं और तस्करी रोकने की दिशा में काम कर रहे कुछ गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

रवींद्रनाथ टैगोर सेंटर के भारतीय सांस्कृतिक सम्बंध परिषद में क्लिंटन के स्वागत में महिलाओं ने नृत्य पेश किया। इस चार मिनट के समारोह में क्लिंटन (64) ने ताली बजाकर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। क्लिंटन ने इस मौके पर काला सूट पहन रखा था।

क्लिंटन महिलाओं के नृत्य से इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने इस नृत्य के बारे में विस्तृत जानकारी गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) कोलकाता संवेद की संस्थापक सोहिनी चक्रवर्ती से ली।

नृत्य कार्यक्रम निर्देशित करने वाली चक्रवर्ती ने बताया, "क्लिंटन ने समारोह का भरपूर लुत्फ उठाया और उन्होंने व्यक्तिगत रूप से लड़कियों को धन्यवाद दिया। क्लिंटन ने कहा कि वह नृत्य देखकर बहुत ही रोमांचित हैं।"

चक्रवर्ती के मुताबिक, "वह बहुत ही गर्मजोशी से मिलीं और हमारे काम को देखकर खुश हुईं। क्लिंटन ने मानव तस्करी से लड़ने के हमारे प्रयासों की प्रशंसा की और इसे जारी रखने का हौसला बढ़ाया। उन्होंने एनजीओ की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।"

क्लिंटन यहां से ब्रिटिश समय के संग्रहालय विक्टोरिया मेमोरियल गईं। मेमोरियल में बड़ी संख्या में पेंटिंग्स, ब्रिटिश काल की मूर्तियां एवं पांडुलिपि और कोलकाता के दृश्य इतिहास को बताने वाले संग्रह रखा गया है।

संग्रहालय में 15 मिनट गुजारने के बाद क्लिंटन ने कहा, "यह एक आश्चर्यजनक हॉल है। इसे अच्छी तरह संरक्षित किया गया है। मैं विक्टोरिया मेमोरियल का दौरा करना चाहती थी। यह मेरे लिए दावत के समान रहा है।" मेमोरियल में क्लिंटन को नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर के भतीजे गगेंद्रनाथ टैगोर की पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी दिखाई गई।

वहीं, क्लिंटन की यात्रा को लेकर राजधानी में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।

हवाईअड्डे से क्लिंटन का काफिला निकलने से आधा घंटे पहले अभ्यास के तौर पर एक काफिला निकाला गया। हवाईअड्डे से जिन रास्तों से होकर क्लिंटन का काफिला निकलने वाला था, उन रास्तों को पुलिस ने अच्छी तरह से जांच की थी। मार्गो पर अवारा पशुओं को आने से रोकने के लिए विशेष अधिकारियों की तैनाती की गई थी।

क्लिंटन दक्षिणी कोलकाता के जिस ताज बंगाल होटल में ठहरी हैं, वहां भी सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। क्लिंटन के लिए राष्ट्रपति सूट सहित होटल का एक पूरा तल आरक्षित किया गया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

होटल के आस-पास 40 से अधिक पुलिसकर्मियों की एक टीम तैनात है। क्लिंटन के कमरे तक पहुंचने के लिए होटल कर्मियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।