यह ख़बर 13 अक्टूबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

हिसार उपचुनाव संपन्न, 68.9 प्रतिशत मतदान

खास बातें

  • हिसार लोकसभा सीट के लिए गुरुवार को हुए उपचुनाव में 68.9 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया।अन्ना पक्ष की अपील को लेकर यह त्रिकोणीय मुकाबला कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है।
हिसार:

हिसार लोकसभा सीट के लिए गुरुवार को हुए उपचुनाव में 68.9 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। अन्ना पक्ष की अपील को लेकर यह त्रिकोणीय मुकाबला कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। हरियाणा जनहित कांग्रेस के वर्तमान सांसद भजन लाल के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि लोकसभा सीट के तहत नौ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। इस उपचुनाव में कांग्रेस के जय प्रकाश, भजन लाल के पुत्र कुलदीप विश्नोई : हरियाणा जनहित कांग्रेस और भाजपा: तथा अजय चौटाला :इनेलोद: के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। चुनावी समर में कुल 40 उम्मीदवार हैं जिनमें अधिकतर निर्दलीय हैं। हरियाणा की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुमिता मिश्रा ने पीटीआई को बताया कि नौ विधानसभा क्षेत्रों में 68.9 प्रतिशत मतदान हुआ। 2009 में हुए चुनाव में 69.3 प्रतिशत और 2004 में 67.72 प्रतिशत मतदान हुआ था। हिसार क्षेत्र में कुल 13.32 लाख मतदाता हैं। मतगणना सोमवार को होगी और दोपहर तक नतीजा आ जाने की संभावना है। सुमिता मिश्रा ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण रहा और कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। दिन चढने के साथ ही मतदान में तेजी देखी गयी और भजन लाल के पारिवारिक गढ़ आदमपुर सहित उलकाना और हिसार विधानसभा क्षेत्रों में विशेष तेजी दिखी। आदमपुर में सबसे अधिक 75 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतदान :62.43 प्रतिशत: हिसार विधानसभा क्षेत्र में दर्ज किया गया। मिश्रा ने कहा कि कुछ तकनीकी रूकावटों के अलावा चुनाव सुचारू रूप से संपन्न हो गया। दो स्थानों पर ईवीएम बदलना पड़ा। आदमपुर के अगरोहा गांव में लोगों ने एक भूखंड से जुड़े विवाद का हल नहीं होने पर चुनाव का बहिष्कार किया। पहली बार सभी मतदान केंद्रों में वीडियोग्राफी करायी गयी थी।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com