यह ख़बर 18 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

गर्म हवाओं की चपेट में समूचा उत्तर भारत

खास बातें

  • पूरे उत्तर भारत में गर्म हवाओं की लहर चल रही है। लोगों को तपिश भरी गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है।
नई दिल्ली:

पूरे उत्तर भारत में गर्म हवाओं की लहर चल रही है। लोगों को तपिश भरी गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में बुधवार की सुबह जहां सबसे गर्म रही वहीं राजस्थान के चुरु में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो देश में सबसे अधिक है। दिल्ली में बुधवार की सुबह इस मौसम की सबसे गर्म सुबह रही। यहां न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।" पंजाब और हरियाणा में मौसम गर्म बना हुआ है। अमृतसर में तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि हरियाणा के हिसार में यह 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं राजस्थान के चुरु में अधिकतम तापामान 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो देश में सबसे अधिक है। उत्तर प्रदेश में गर्म हवाओं की तपिश और चिलचिलाती धूप के कारण लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राज्यभर में लू के चलते भरी दोपहरी में लोग बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। आगरा में तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक है। तल्ख मौसम से लोगों को अभी निजात मिलने के कोई आसार नहीं है बल्कि तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी लखनऊ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में अधिकतर इलाके लू की चपेट में हैं। ताजनगरी आगरा में तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि राज्य में अन्य जगहों के मुकाबले सबसे अधिक है। वाराणसी और इलाबाद में मौसम का तेवर चढ़ा हुआ है। दोनों जिलों में तापमान क्रमश: 41.0 और 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह, बरेली में भी पारा 40 डिग्री के ऊपर जा पहुंच गया है और यहां बुधवार को तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गोरखपुर में यह 38.8 डिग्री रहा। हालांकि पूर्वाचल के कुछ इलाकों में शुधवार शाम आंधी के साथ बारिश हुई। मध्य प्रदेश में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के आसपास चल रहा है। भोपाल स्थित मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में सबसे गर्म खजुराहो व नौगांव रहे जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के दमोह, श्योपुर, कटनी, सतना, ग्वालियर, शिवपुरी और गुना में पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। इन दिनों प्रदेश में आलम यह है कि सुबह से ही गर्म हवाएं झुलसाने लगती हैं और दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगता है। गर्म हवाओं और तेज धूप के बीच पंखे तथा कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे है। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान पटना का अधिकतम तापमान जहां 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं गया का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार सुबह से चल रही हल्की हवा से हालांकि लोगों को थोड़ी राहत मिली है, परंतु तेज धूप ने लोगों को हलकान कर रखा है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हल्के बादल छाए रहेंगे, परंतु लोगों को गर्मी से राहत मिलने की फिलहाल सम्भावना नहीं है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com