यह ख़बर 02 जून, 2012 को प्रकाशित हुई थी

उत्तर भारत में गर्मी बरकरार, कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें

खास बातें

  • उत्तर भारत लगातार कड़ी धूप में झुलस रहा है। हालांकि शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ने से लोगों गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
नई दिल्ली:

उत्तर भारत लगातार कड़ी धूप में झुलस रहा है। हालांकि शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ने से लोगों गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।

दिल्ली में शनिवार सुबह तेज धूप निकली। यहां सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेकिन शाम को हल्की फुहारों से तापमान में थोड़ी कमी आई। मौसम विभाग के अनुसार रात को आंधी आ सकती है।

भारतीय मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "रात को आंधी आ सकती है एवं बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री के आसपास था।"

शुक्रवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। यह इस मौसम का अब तक का अधिकतम तापमान था। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 34.3 डिग्री सेल्सियस था। सुबह 8.30 बजे आद्र्रता 41 फीसदी दर्ज की गई।

बिहार के कुछ हिस्सों में शुक्रवार की रात अचानक आई धूल भरी आंधी और बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों ने भी गर्मी से कुछ राहत की सांस ली।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार की सुबह पटना का तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस जबकि गया का 29.2 डिग्री, भागलपुर का 27.5 डिग्री और भागलपुर का सुबह का तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक पटना में शुक्रवार की रात करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आई और हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डीसी गुप्ता ने कहा है कि अगले चौबीस घंटे आसमान साफ रहने की सम्भावना है तथा अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। मौसम में बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से मामूली राहत मिलने की सम्भावना है।

उत्तर प्रदेश में लोगों को भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आगरा एवं इससे सटे इलाकों में हल्की फुहारों से गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटों में मौसम में बदलाव की सम्भावना नहीं है।

उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि शुष्क मौसम पूरे राज्य में सक्रिय है इसलिए अभी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास रहने की सम्भावना है।

शुक्रवार को लखनऊ व इलाहाबाद का अधिकतम तापमान लगभग 47 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 43.4 डिग्री सेल्सियस तथा वाराणसी का तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को मौसम साफ रहेगा लेकिन लू के थपेड़ों से लोगों को अभी राहत नहीं मिलेगी। पिछले कुछ दिनों से गर्मी से झुलस रही ताज नगरी आगरा में शनिवार को हल्की फुहारों से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को तो यहां का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।