नासिक में नरबलि : तांत्रिक महिला समेत 10 गिरफ्तार

नासिक:

महाराष्ट्र के नासिक जिले में तंत्र साधना के लिए दो महिलाओं की बलि देने का मामला सामने आया है। घोटी पुलिस ने तांत्रिक महिला वछीबाई खडगे समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। वछीबाई ने पुलिस को बताया कि उसने अपने गुरु के कहने पर ये बलि दीं।

घोटी पुलिस के मुताबिक, इगतपुरी के पास एक आदिवासी गांव की महिला वछीबाई खडगे तंत्र साधना करना चाहती थी, और उसके गुरु ने उसे बताया कि इसके लिए उसे सात महिलाओं की बलि देनी होगी। इसके बाद वछीबाई ने महिलाओं की तलाश शुरू कर दी।

चूंकि वछीबाई तांत्रिक है, इसलिए उसके पास आस-पास के गांवों की गरीब महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर आती थीं। वछीबाई की शिष्या बुगीबाई ने उसे बताया कि उसकी सास उसे काफी तंग करती है, सो, वछीबाई ने कहा कि उसकी सास पर भूत का साया है, और इसके बाद झाड़फूंक के नाम पर वछीबाई ने सास की दर्दनाक हत्या कर दी और शव को दफना दिया। इसके बाद वछीबाई ने गांव के ही दो भाइयों गोविंद और काशीनाथ को भी बरगलाकर उनकी मां को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने उनकी बहन को भी लपेटे में लेने की कोशिश की, लेकिन बहन को इसकी भनक लग गई और वह किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर पुलिस थाने पहुंच गई, और वछीबाई के कुकर्म का पर्दाफाश हुआ।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस ने घर के बाहर दफनाई गई दोनों लाशों को बरामद करने के बाद तांत्रिक महिला वछीबाई समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वछीबाई ने कहीं और किसी महिला की हत्या तो नहीं की है।