यह ख़बर 03 मार्च, 2012 को प्रकाशित हुई थी

मैंने कुछ गलत नहीं किया है : कृपाशंकर

खास बातें

  • मुश्किलों में घिरे मुंबई कांग्रेस के पूर्व प्रमुख कृपाशंकर सिंह ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और वह कानून के अनुसार लड़ाई लड़ेंगे।
मुंबई:

मुश्किलों में घिरे मुंबई कांग्रेस के पूर्व प्रमुख कृपाशंकर सिंह ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है और वह कानून के अनुसार लड़ाई लड़ेंगे। सिंह आय से अधिक संपत्ति जमा करने के आरोपों का सामना कर रहे हैं।

मीडिया पर उन्हें और उनके परिवार को अनुचित तरीके से निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वह फरार नहीं हो रहे हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि वह फरार होने वाले हैं। सिंह ने कहा, ‘‘मैं दोषी नहीं हूं। मैं फरार नहीं हो रहा हूं। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं कानून के अनुसार लड़ाई लड़ूंगा।’’ अपने पुत्र नरेंद्र मोहन द्वारा मीडिया की ओर अश्लील इशारा करने पर उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बेटे ने जो किया वह गलत था और मैं उसकी तरफ से माफी मांगता हूं।’’ महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘हालांकि, मीडिया का मेरे और मेरे परिवार को निशाना बनाना भी गलत है।’’

मुंबई के सांता क्रूज इलाके से विधायक सिंह ने कहा, ‘‘जैसा दिखाया जा रहा है, मेरे पास उतनी संपत्ति नहीं है।’’ मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने शुक्रवार को सिंह और उनके परिवार की महानगर स्थित 12 संपत्तियों को कुर्क किया था। यह कदम उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने को लेकर प्राथमिकी दर्ज किए जाने के तीन दिन बाद उठाया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इन आरोपों ने मेरे राजनैतिक करियर को तबाह कर दिया है।’’ सिंह ने कहा कि सिर्फ जनहित याचिका (इसी के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है) को उनके खिलाफ आरोप लगाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।  उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को उन्हें भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई से तत्काल कोई राहत देने से इनकार कर दिया था।