यह ख़बर 15 अगस्त, 2013 को प्रकाशित हुई थी

यूपी, बिहार में भी धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

खास बातें

  • ध्वजारोहण के बाद लोगों को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत उत्तर प्रदेश से ही हुई थी।
पटना/लखनऊ:


बिहार में गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया गया जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

झंडोत्तोलन के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार में सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक से लेकर 10 तक पढ़ने वाली सभी लड़कियों को छात्रवृति देने की घोषणा की।

झंडोत्तोलन के पूर्व मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। परेड का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक शीला ईरानी ने किया। इस मौके पर राज्य के कई मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने पटना के कारगिल चौक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

राज्य के विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों, राजनीतिक पार्टियों के कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।

वहीं उत्तर प्रदेश में 67वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विधानभवन में तिरंगा फहराया।

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राजधानी लखनऊ स्थित विधानभवन में हुआ, जहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राष्ट्रध्वज फहराकर सलामी दी।

ध्वजारोहण के बाद लोगों को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत उत्तर प्रदेश से ही हुई थी। आज स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने और उन्हें नमन करने का दिन है, जिन्होंने ब्रिटिश साम्राज्य को खत्म करने के लिए अपने प्राणों की आहूति दी।

आजादी के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए अखिलेश ने कहा कि इस मौके पर हमें यह चिंतन भी करना चाहिए कि जिस उद्देश्य के लिए हमने आजादी पाई, क्या हम उसे पूरा कर पाए?

उधर, राज्यपाल बीएल जोशी ने राजभवन में तिरंगा फहराया। उन्होंने सबसे एकजुट होकर देश के विकास में भागीदारी करने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने इस दौरान कहा कि हमें आजादी के त्योहार को मनाने के साथ आत्मनिरीक्षण भी करना चाहिए कि हम देश के बारे में भी सोच रहे हैं या व्यक्तिगत स्वार्थ में डूबे हैं?  

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के मद्देनजर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। राजधानी लखनऊ सहित सभी स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है।