यह ख़बर 20 अगस्त, 2012 को प्रकाशित हुई थी

देशभर में आज धूमधाम से मनाई जा रही है ईद

खास बातें

  • ईद के मौके पर बेंगलुरु में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में कुल 17,000 पुलिसकर्मी को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा यहां सेना की तीन कंपनियों को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।
नई दिल्ली:

देशभर में आज ईद उल फितर की रौनक है। शनिवार देर शाम आसमान में चांद के नजर आते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की तैयारियां शुरू कर दी थीं। इस मौके पर दिल्ली की जामा मस्जिद में हजारों की तादाद में लोगों ने नमाज अदा की। नए कपड़ों में सजे-धजे लोगों ने नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। यहां हर उम्र और हर तबके के लोग शामिल हुए।

आज ईद के मौके पर बेंगलुरु में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पिछले कई दिनों से यहां फैली अफवाह की वजह से नॉर्थ ईस्ट के लोगों का पलायन जारी है। ईद के मौके पर यहां नॉर्थ ईस्ट के लोगों को पुलिस पूरी सुरक्षा दे रही है। शहर में कुल 17,000 पुलिसकर्मी को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा यहां सेना की तीन कंपनियों को सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।

ईद के मौके पर मुंबई में भी नमाज अदा की गई। माहिम की मस्जिद में लोगों ने सुबह-सुबह नमाज अदा की। लोगों ने एक-दूसरे के गले लगकर उन्हें मुबारकबाद दी। माहिम की दरगाह मस्जिद में लोगों ने लंबी कतार लगाकर नमाज पढ़ी। इस मौके पर सुबह 7 बजे से ही लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी।


कोलकाता में भी लोगों ने ईद की नमाज अदा की। यहां लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग नमाज पढ़ने के लिए इकट्ठा हुए। उधर, श्रीनगर में भी लोगों ने ईद की नमाज अदा की। यहां हर उम्र के लोगों ने एक जगह इकट्ठा होकर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पटना के गांधी मैदान में भी हजारों की संख्या में लोगों ने ईद की नमाज पढ़ी और एक−दूसरे को गले लगाकर बधाई दी।  ईद के अवसर पर अजमेर शरीफ की दरगाह पर बड़ी तादाद में लोग इकट्ठा हुए। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मजार पर चादर चढ़ाई। इस मौके पर दरगाह को खास तरीके से सजाया गया था और पूरी रात यहां रौनक रही।