यह ख़बर 04 नवंबर, 2013 को प्रकाशित हुई थी

न्यूजीलैंड में हमले के बाद भारतीय मूल के प्रशिक्षु शिक्षक की मौत

मेलबर्न:

मध्य ऑकलैंड में एक फॉस्ट फूड रेस्तरां के बाहर हमले का शिकार हुए-25 वर्षीय भारतीय मूल के एक प्रशिक्षु शिक्षक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि रविवार की सुबह हुए हमले के बाद से तरुण अस्थाना अस्पताल में जीवन रक्षक प्रणाली पर था और सोमवार  को ऑकलैंड सिटी अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

पुलिस अधिकारियों के हवाले से स्थानीय मीडिया ने खबर दी है कि जब उसने अंतिम सांस ली, तो उस समय उसका परिवार और दोस्त उसके साथ थे।

अस्थाना पर उस समय हमला हुआ था, जब वह अपने दोस्तों के साथ एक नाइट क्लब से लौट रहा था। बताया जाता है कि अस्थाना ने एक महिला के परिधानों की तारीफ की थी, जिससे महिला नाराज हो गई। इसी बात पर एक व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी ग्रेनविले मैक्फार्लैंड को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे ऑकलैंड जिला अदालत में पेश किया गया। खबरों में कहा गया कि अस्थाना को जमीन पर गिराकर पीटा गया। सिर में चोट लगने के बाद वह बेहोश हो गया था।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com