यह ख़बर 10 मई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भारत के रेडार ने पकड़ा पाकिस्तान का 'झूठ'

खास बातें

  • एनडीटीवी इंडिया को सूत्रों से जानकारी मिली है कि भारतीय रेडार पर अमेरिका के हमले की हरकत दिख गई थी।
नई दिल्ली:

क्या भारत को ऐबटाबाद में अमेरिका के हमले की जानकारी पाकिस्तान से पहले मिल गई थी। एनडीटीवी इंडिया को सूत्रों से जानकारी मिली है कि भारतीय रेडार पर अमेरिका के हमले की हरकत दिख गई थी। शांति काल में रेडार सौ फीसदी ऑन नहीं होता है इसलिए हवाई हमले की पूरी जानकारी तो नहीं है मगर यह संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान ने हमले की जानकारी के बाद दो एफ−16 लड़ाकू विमान उड़ाए थे। इन विमानों ने अमेरिका के हेलिकॉप्टर का पीछा नहीं किया था। अब यह जानकारी काफी महत्वपूर्ण हो जाती है क्योंकि पाकिस्तान बार−बार धमकी दे रहा है कि ऐबटाबाद जैसा हमला दोबारा हुआ तो करारा जवाब दिया जाएगा। अब सवाल यह उठता है कि अगर भारतीय रेडार की जानकारी सही है तो पाकिस्तान ने कार्रवाई क्यों नहीं की...। उसके जहाज़ ने उड़ान भरने के बाद अपनी दिशा क्यों बदली...। पाकिस्तान ने हमले के तुरंत बाद अपने लड़ाकू विमानों के उड़ान भरने की कोई जानकारी नहीं दी है। इतना ज़रूर कहा है कि वे सतर्क हो गए थे। एनडीटीवी से पाकिस्तान के आतंरिक सुरक्षा मंत्री रहमान मलिक ने कहा कि हमले के 15 मिनट बाद जब पता चला कि हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ तो उन्होंने चेक करने के लिए कहा। 45 मिनट बाद उन्हें फिर फोन आया और हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ है और सेना पता लगा रही है। तब उन्होंने कहा कि और पता करो। लगता है कि कुछ गड़बड़ है। रहमान मलिक ने यह भी कहा कि अमेरिका के हमले से पाकिस्तान की संप्रभुता पर असर पड़ा है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com