यह ख़बर 09 जनवरी, 2012 को प्रकाशित हुई थी

बारिश और बर्फबारी से उत्तर भारत में सर्दी बढ़ी

खास बातें

  • उत्तर भारत के कई राज्यों में हुई बारिश और बर्फ गिरने की वजह से रविवार को सर्द हवाओं ने जोर पकड़ लिया।
नई दिल्ली:

उत्तर भारत के कई राज्यों में हुई बारिश और बर्फ गिरने की वजह से रविवार को सर्द हवाओं ने जोर पकड़ लिया। जम्मू एवं कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी होने के चलते यातायात प्रभावित हुआ है और लोगों को दैनिक कार्यों को करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है जबकि कश्मीर घाटी में दो और लोगों की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर बरकरार है।

राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह बादल छाए रहे और हवाएं चलीं। यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 11.90 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) के अनुसार सुबह 8:30 बजे दृश्यता 1200 मीटर थी।

कश्मीर घाटी में पारा लगातार गिर रहा है। रविवार को श्रीनगर में तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जो यहां इस सर्द मौसम का सबसे निचले स्तर का तापमान है।

तापमान में लगातार गिरावट के कारण श्रीनगर के कई इलाकों में सुबह घरों के नल का पानी जम गया, जिसे पिघलाने के लिए लोग आग जलाते देखे गए।

गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट भी जम गया है। वहां भी तापमान शून्य से 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

भारी बर्फबारी के कारण श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग रविवार को लगातार तीसरे दिन बंद रहा, जबकि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ)करीब 300 किलोमीटर इस लम्बे राजमार्ग पर यातायात बहाल करने के लिए अपने कर्मचारियों व तंत्र के साथ रास्ते से बर्फ हटाने के काम में जुटा रहा।

संगठन के मुख्य इंजीनियर ब्रिगेडियर टीपीएस रावत ने कहा, "राजमार्ग के पंथाल इलाके में शनिवार रात को हुई बर्फबारी के कारण बर्फ की करीब 15 फुट मोटी तह जम गई। हमने रविवार सुबह से इसे साफ करना शुरू किया।"

कई स्थानों पर डल झील भी जम गई, जबकि सड़कें फिसलनभरी हो जाने के कारण अधिकतर लोगों ने घरों में ही रहना पसंद किया।

मौसम विभाग ने हालांकि ठंड में कमी का अनुमान जताया है, लेकिन रात में आसमान साफ रहने के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है।

उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बावजूद शीतलहर का असर बरकरार है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में सर्दी बढ़ने की चेतावनी दी है।

रविवार सुबह लखनऊ का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां 1.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

उधर, शीतलहर के मद्देनजर कानपुर सहित कुछ जिलों में कक्षा एक से लेकर आठ तक से सभी स्कूलों में 14 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है।

मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू एवं कश्मीर में बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश पर भी होगा। फिलहाल राज्य के उत्तरी हिस्से में चक्रवात बनने के कारण ठंड का ज्यादा असर नहीं है, लेकिन जैसे ही यह कमजोर पडेगा, ठंड का असर बढ़ जाएगा।

इस समय राज्य के अधिकांश हिस्सों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। राज्य में उज्जैन व धार सबसे ठंडे हैं जहां तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

हिमाचल प्रदेश के चम्बा एवं कुल्लू जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात से सभी प्रमुख सड़क मार्गो से सम्पर्क टूट गया है।
चम्बा जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत भी हो गई।

चम्बा जिले के पुलिस अधीक्षक मधुसूदन ने कहा, "पूरे चम्बा की पहाड़ियों पर शनिवार से भारी हिमपात हो रहा है। हमने अगले 24 घंटे के लिए लोगों को घरों में रहने की सलाह दी है। बनीखेत गांव में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।"

मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे था जबकि यहां 18 सेंटीमीटर हिमपात हुआ। इसके अलावा डलहौजी में 100 सेंटीमीटर, चम्बा में 30 सेंटीमीटर और कालपा में 8.8 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पंजाब के ज्यादातर इलाकों में सर्दी चरम पर है। अमृतसर में न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि हरियाणा में सबसे सर्द स्थान करनाल रहा। यहां न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।