कोलकाता : बहन के कंकाल के साथ छह महीने से रह रहा था पार्था

कोलकाता : बहन के कंकाल के साथ छह महीने से रह रहा था पार्था

कोलकाता :

कोलकाता के पॉश रॉबिन्‍सन लेन में एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे देख पुलिस के होश भी फाक्‍ता हो गए। यहां के एक फ्लैट में पुलिस को न केवल 77 साल के व्‍यक्ति का जला हुआ शव मिला, बल्कि बेडरूम से भी एक कंकालनुमा लाश भी बरामद हुई। यह कंकाल छह महीने पुराना है, जोकि मृतक अरबिंदा डे की 50 वर्षीय बेटी देबजानी का है।

वहीं घर में मौजूद उनके बेटे पार्था डे, मानसिक रूप से बीमार मिले हैं। पार्था ने पुलिस को बताया कि वह करीब 6-7 साल पहले टीसीएस में काम करते थे। अपनी मां की मौत के बाद उन्‍होंने यह जॉब छोड़ दी। उनकी बहन एक नामी स्‍कूल में बतौर काम करती थी, जोकि अपने दो कुत्‍तों को बहुत प्‍यार करती थी, लेकिन उन दोनों की मौत हो गई। इसके बाद उसकी बहन ने खाना छोड़ दिया था। नतीजतन, दिसंबर 2014 में उनकी बहन की मौत हो गई। पार्थ ने पुलिस को आगे बताया कि वह अपनी बहन को बहुत प्‍यार करता था। लिहाजा, उसने देबजानी के शव का अंतिम संस्‍कार नहीं किया।

पुलिस को जो शव मिला है, उसके आसपास काफी खाना पड़ा हुआ था। इस बाबत पूछे जाने पर पार्थ ने पुलिस को बताया कि वह रोज रात को अपनी बहन के लिए खाना बनाता था। रोज रात उसकी बहन की आत्‍मा वहां आती और दोनों साथ-साथ खाना खाते।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

हालांकि पुलिस का कहना है कि पार्था मानसिक रूप से ठीक है। उन्‍हें कुछ डायरियां बरामद हुई हैं, जिनमें दुखी जीवन को लेकर बातें लिखी हैं। पुलिस बहन की मौत के मामले में पार्थ की भूमिका जांच रही है। हालांकि पुलिस उसके पिता की मौत को मामले को अलग नजरिए से देख रही है। पुलिस का कहना है कि लाश बाथरूम में बरामद हुई और उसका दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस का कहना है कि अरबिंदा और उसके भाई के बीच प्रोपर्टी को लेकर कुछ विवाद चल रहा था। अरुण उनसे अलग कुछ दूरी पर ही रहता है। उसे इस मामले के बारे में कोई जानकारी नहीं।