कैराना मुद्दा : 15 दिन में यहां से गए लोगों को वापस लाएं, वरना सड़कों पर उतरेंगे- संगीत सोम

कैराना मुद्दा : 15 दिन में यहां से गए लोगों को वापस लाएं, वरना सड़कों पर उतरेंगे- संगीत सोम

निर्भय यात्रा निकालते बीजेपी विधायक संगीत सोम

कैराना:

कैराना में हिंदुओं के कथित पलायन को लेकर सियासत जारी है। कैराना मामले पर हिन्दुओं के कथित पलायन की लिस्ट जारी करने वाले सांसद हुकुम सिंह के मना करने के बावजूद बीजेपी विधायक संगीत सोम ने करीब 2000 समर्थकों के साथ अपनी 'निर्भय यात्रा' शुरू की, लेकिन सरधना के 2 किलोमीटर बाद ही यात्रा को रोक दिया गया। पुलिस से संगीत सोम और उनके समर्थकों की काफी बहस हुई। संगीत सोम ने पलायन किए लोगों की वापसी के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। नहीं तो सड़कों पर उतरने की बात कही है। संगीत सोम की इस यात्रा से बीजेपी ने किनारा कर लिया है। बीजेपी इसे उनकी निजी यात्रा बता रही है। यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य भी इस यात्रा से किनारा करते दिखे लेकिन इसके बावजूद संगीत सोम यात्रा पर निकल गए।

उधर, समाजवादी पार्टी ने भी 'सद्भावना यात्रा' निकाली। लगभग 500 लोगों की इस भीड़ को भी पुलिस ने रोक दिया। वहीं सपा नेता शिवपाल यादव कह रहे हैं कि कैराना से हिन्दुओँ का पलायन हुआ ही नहीं है। 
 



प्रशासन ने किसी भी यात्रा को इजाज़त नहीं दी थी। हालांकि दोनों ही नेता अपने-अपने समर्थकों के साथ यात्रा निकालने पर अड़े हुए थे। लिहाजा इसके चलते सरधना में भारी सुरक्षा तैनात की गई है। धारा 144 लगा दी गई है।
 

बंटी हुई दिखी बीजेपी
इससे पहले हुकुम सिंह ने कहा था कि उनकी जानकारी के मुताबिक़, संगीत सोम यात्रा नहीं निकाल रहे। साथ ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का भी यही फ़ैसला है। वहीं संगीत सोम ने इसे लेकर कहा कि हुकुम सिंह की ओर से उन्हें ऐसा कोई संदेश नहीं मिला है। वह सीनियर नेता हैं, जैसा कहेंगे, हम मानेंगे। इसके बावजूद संगीत सोम ने यात्रा निकाली।
 

बीजेपी अध्यक्ष ने भी किया था कार्यक्रम से इनकार
यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अभी कैराना मुद्दे पर हमारा कोई कार्यक्रम नहीं है। रिपोर्ट आने के बाद राज्यपाल से मिलेंगे, फिर हमारा कार्यक्रम तय होगा।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com