यह ख़बर 09 अगस्त, 2011 को प्रकाशित हुई थी

'कलमाडी को सोनिया, पीएम ने नियुक्त किया था'

खास बातें

  • गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष की अनुशंसा पर सुरेश कलमाडी को राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया था।
नई दिल्ली:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की अनुशंसा पर सुरेश कलमाडी को राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया था। राष्ट्रमंडल खेल घोटाले के सम्बंध में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट में अनियमितताओं के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर उंगली उठाए जाने के मुद्दे पर उनके इस्तीफे की मांग कर रही भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने मंगलवार को रामलीला मैदान से जंतर मंतर तक रैली निकाली। रैली को सम्बोधित करते हुए गडकरी ने कहा, "रिपोर्ट में करोड़ो रुपये की वित्तीय अनियमितताओं के लिए साफ तौर पर प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री को दोषी ठहराया गया है। सीएजी रिपोर्ट पर मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से जवाब चाहता हूं।" उन्होंने कहा, "कांग्रेस हम पर आरोप लगा रही थी कि हम कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। अब हम उनसे वही सवाल पूछते हैं। शीला दीक्षित के खिलाफ कार्रवाई करो।" गडकरी ने कहा कि कलमाडी को सोनिया की अनुशंसा पर प्रधानमंत्री ने नियुक्त किया था और वे अब इसके लिए भाजपानीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तत्कालीन सरकार को दोषी ठहरा रहे हैं।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com