यह ख़बर 31 जुलाई, 2011 को प्रकाशित हुई थी

गौड़ा हो सकते हैं येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी

खास बातें

  • डीवी सदानंद गौड़ा आज मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी के रूप में एक महत्वपूर्ण दावेदार के रूप में उभर कर सामने आए।
बेंगलूर:

राज्य भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डीवी सदानंद गौड़ा आज मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी के रूप में एक महत्वपूर्ण दावेदार के रूप में उभर कर सामने आए। माना जाता है कि येदियुरप्पा ने भाजपा के केंद्रीय आलाकमान को नए मुख्यमंत्री के रूप में उनका नाम सुझाया। पार्टी सूत्रों के अनुसार येदियुरप्पा आज अपराह्न एक बजे के बाद किसी भी समय कर्नाटक के राज्यपाल हंसराज भारद्वाज को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसके बाद पार्टी विधायक दल की बैठक में उनके उत्तराधिकारी का चुनाव किया जाएगा। सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों में मंत्रियों वीएस आचार्य जगदीश शेट्टर और शोभा करांदलजे तथा पार्टी महासचिव एचएन अनंत कुमार के नाम शामिल हैं लेकिन गौड़ा इन सबमें सबसे आगे प्रतीत होते हैं। येदियुरप्पा ने पार्टी पर्यवेक्षकों अरुण जेटली और राजनाथ सिंह से मुलाकात की और कुछ समय तक उनसे गुफ्तगू की। लोकसभा सांसद गौड़ा ने कहा आज से शुरू हो रहे सावन के महीने के साथ कर्नाटक भाजपा के सुनहरे दिन आएंगे। वर्ष 2008 में राज्य में जब भाजपा सत्ता में आई तो उस समय गौड़ा ही राज्य इकाई के अध्यक्ष थे। गठबंधन सरकार के तहत जनता दल :एस: द्वारा भाजपा को सत्ता स्थानांतरित नहीं किए जाने से उपजी सहानुभूति के चलते भाजपा को राज्य में जीत मिली और येदियुरप्पा मुख्यमंत्री बने जिन्होंने तीन दशक में पार्टी को उंचाइयों पर पहुंचा दिया। इस बीच येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री के रूप में बरकरार रखने के लिए लॉबिंग कर रहे विधायकों ने स्वीकार कर लिया है कि उनका प्रयास सफल नहीं हुआ लेकिन कहा कि वह उनके साथ रहेंगे और उनके उत्तराधिकारी के लिए उनके पसंदीदा व्यक्ति के लिए जोर लगाएंगे। येदियुरप्पा का खेमा उन्हें राज्य इकाई का अध्यक्ष बनाने के लिए दबाव डाल रहा है जिनकी मई 2013 में होने वाले अगले चुनाव में टिकट वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। केंद्रीय भाजपा से जुड़े सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री होने के नाते येदियुरप्पा द्वारा उत्तराधिकारी को लेकर कोई सलाह दिए जाने में कुछ भी गलत नहीं है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com