इस साल ठंड कम पड़ने से डरे हुए हैं कुरुक्षेत्र के किसान

इस साल ठंड कम पड़ने से डरे हुए हैं कुरुक्षेत्र के किसान

प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

नई दिल्‍ली:

कुरक्षेत्र के किसान आजकल डरे हुए हैं। इस बार सर्दी के मौसम में अब तक तापमान औसत से दो डिग्री ज़्यादा रहा है। लिहाज़ा सर्दी की कई फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ती जा रही है।

गेहूं के किसान नरेश कुमार ने एनडीटीवी से कहा, 'अब तक गेहूं की फसल बनी नहीं है। पाला पड़ता तो गेहूं बनती। आम तौर पर 20-22 क्विंटल गेहूं निकलता है लेकिन इस बार अब सिर्फ 14-15 क्विंटल मिलने की उम्मीद है।'

इलाके के किसान कहते हैं इस बार पाला कम गिरा है और ठंड कम होने की वजह से गेहूं की फसल सही तरीके से ग्रोथ नहीं कर पायी है। इसका सीधा असर गेहूं के उत्पादन पर पड़ेगा। गेहूं के किसान बहादुर सिंह कहते हैं, 'गेंहू पर इस बार बुरा असर पड़ेगा। इस बार गेहूं की फसल कम होने की आशंका है।'

उधर कृषि मंत्रालय मौसम में हो रहे बदलाव पर कड़ी नज़र रख रहा है। कृषि राज्यमंत्री संजीव बालयान ने एनडीटीवी से कहा, 'सर्दी कम पड़ने की वजह से सर्दी की फसलों पर असर पड़ सकता है। इस बार औसत तापमान 2 डिग्री ज़्यादा दर्ज़ किया गया है। अभी दो दिनों से ठंड पड़ रही है। लेकिन भविष्य में अगर तापमान फिर बढ़ता है तो नुकसान की आशंका है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कृषि मंत्रालय के मुताबिक अगले 15 दिन बेहद महत्वपूर्ण होंगे। यानी काफी कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि आने वाले दो हफ्तों में मौसम का रुख क्या रहता है।