यह ख़बर 21 अक्टूबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

दामाद को बचाने के लिए क्रूरता पर उतर आई है कांग्रेस : केजरीवाल

खास बातें

  • हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के दिल्ली स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज की अरविंद केजरीवाल ने कड़े शब्दों में निंदा की है।
नई दिल्ली:

हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज की अरविंद केजरीवाल ने कड़े शब्दों में निंदा की है।

केजरीवाल ने कहा कि यह सरकार असहनशील है, हमारे कार्यकर्ता सिर्फ हुड्डा से बात करना चाहते थे, लेकिन उन पर पुलिस ने बेरहमी से लाठियां बरसाईं। केजरीवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अपने दामाद (रॉबर्ट वाड्रा) को बचाने के लिए कांग्रेस ने यह सब करवाया है।

इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ता आज डीएलएफ−रॉबर्ट वॉड्रा और हरियाणा सरकार पर सांठगांठ के आरोपों को लेकर विरोध करने गए थे। उनके साथ मारुति के कुछ बर्खास्त कर्मचारी भी विरोध करने हुड्डा के घर पहुंचे थे। हुड्डा के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे इंडिया अगेंस्ट के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रदर्शनकारियों ने हुड्डा के घर के बाहर लगे सुरक्षा बैरियर को तोड़ दिया। इसके बाद भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और वॉटर केनन का इस्तेमाल करना पड़ा। घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। खास बात यह है कि करीब 200 कार्यकर्ताओं के साथ उनका कोई बड़ा नेता वहां मौजूद नहीं था। प्रदर्शन के बाद हुड्डा के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उधर, अरविंद केजरीवाल घायलों से मिलने राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों को लेकर पुलिस और केजरीवाल के बीच तीखी बहस भी हुई।