महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार से पूछे पांच सवाल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने एनसीपी प्रमुख शरद पवार से पूछे पांच सवाल

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस (फाइल फोटो)

मुंबई:

सत्ता से बेदखल हो चुके एनसीपी मुखिया शरद पवार से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने पांच सवाल पूछे हैं। सवाल पवार के राज्य सरकार के खिलाफ़ पुकारे गए आंदोलन से जुड़े हैं।

शुक्रवार को मराठवाड़ा के उस्मानाबाद में शरद पवार ने किसान मोर्चे को संबोधित किया। अपने राजनीतिक करियर में 35 साल के बाद शरद पवार किसी मुद्दे पर सड़क पर उतरे थे। इन दिनों मराठवाड़ा में हो रही किसानों की आत्महत्याएं सुर्ख़ियों में हैं जिसके खिलाफ एनसीपी का यह आंदोलन हुआ।

इस दौरान निकले किसान मोर्चे को संबोधित करते हुए पवार ने सवाल उठाया कि, राज्य सरकार ने सूखे से निबटने के लिए कुछ नहीं किया। इसलिए एनसीपी 14 सितम्बर को जेल भरो आंदोलन करेगी।

शरद पवार के इस आंदोलन को ढकोसला कहते हुए सीएम फडणवीस ने उनसे 5 सवाल किए हैं। उन्होंने पवार से पूछा है कि,
उस्मानाबाद की चीनी मिल किसने खायी?
उस्मानाबाद का दूध संघ किसने ख़त्म किया?
उस्मानाबाद की काटन मिल किसने फूंक दी?
उस्मानाबाद की बैंक किसने लूट ली?
उस्मानाबाद का पानी किसने चुराया?

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

ज्ञात हो कि, उस्मानाबाद जिले में लंबे समय से एनसीपी की सत्ता रही है और फिलहाल किसान आत्महत्याओं के इस इलाके के आंकड़े चिंताजनक हैं।