यह ख़बर 11 नवंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

महाराष्ट्र के वसई में किशोरी पुत्री से दुष्कर्म करने के आरोप में पिता गिरफ्तार

पालघर:

महाराष्ट्र के वसई इलाके के एक 50 वर्षीय व्यक्ति को अपनी किशोरी पुत्री के साथ करीब एक साल तक कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

मानिकपुर थाने के उपनिरीक्षक एसी पाटिल ने कहा कि आरोपी की पत्नी उससे कुछ साल पहले अलग हो गई थी। तब से वह अपनी 15 वर्षीय बेटी और आठ वर्षीय बेटे के साथ वसई के अजादनगर स्लम कॉलोनी में रह रहा है। पीड़िता की पहचान जाहिर नहीं हो इसलिए आरोपी का नाम नहीं बताया गया है।

पाटिल ने कहा कि लड़की की शिकायत के मुताबिक, उसका पिता उसके साथ पिछले एक साल से बलात्कार कर रहा था।

लड़की ने अपनी शिकायत में जि़क्र किया है कि उसकी पड़ोस में रहने वाली एक महिला उसे लड़कियों के संरक्षण के लिए काम करने वाली एक एनजीओ के पास ले गई, जिसने उसे इस अपराध के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में सहायता की।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की का मेडिकल कराया गया और इसके बाद कल आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कल रात गिरफ्तार कर लिया गया।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस ने कहा कि आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पीओसीएसओ या पोस्को) 2012 की धारा 4 और 8 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन जारी है।