खास बातें
- रामलीला मैदान में भोजपुरी गायक और अभिनेता मनोज तिवारी पहुंचे और उन्होंने देशभक्ति गीत और लोकगीत गाकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।
New Delhi: बाबा रामदेव के अनशन से रुपहले पर्दे के अदाकार भी जुड़ते नजर आ रहे हैं। इस कड़ी के तहत रामलीला मैदान में भोजपुरी गायक और अभिनेता मनोज तिवारी पहुंचे और उन्होंने वहां मौजूद लोगों का देशभक्ति गीत और लोकगीत गाकर जमकर उत्साह बढ़ाया। तिवारी सुबह 10 बजे रामलीला मैदान पहुंचे। उन्होंने कहा कि अदाकारों को अपनी छवि की चिंता होती है। लेकिन आज रामलीला मैदान पर आने के बाद उन्हें भरोसा है कि लोग उन्हें हमेशा एक अच्छे मकसद के लिए हो रहे इस अनशन से जुड़ने के लिए याद रखेंगे। तिवारी ने सबसे पहले भारत का रहने वाला हूं, भारत की बात सुनाता हूं और ऐ मेरे वतन के लोगों जैसे गीत गाए। इसके बाद उन्होंने दो-तीन भोजपुरी गीत गाकर भी लोगों का मनोरंजन किया। तिवारी अपने साथी साजिंदों के साथ रामलीला मैदान में पहुंचे थे। रामदेव के समर्थन में सुबह से आई मुख्य शख्सियतों में साध्वी ऋतंभरा और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मौलवी रिजवी शामिल हैं।